जूनागढ़ के पातापुर गांव में सीमेंट फैक्ट्री के आसपास इन दिनों शेरों का आवागमन कुछ ज्यादा ही देखने को मिल रहा है। ये जगह अब उनके लिए स्थायी बसेरा-सा बन गया है। सुबह-सुबह और देर शाम को शेरों की आवाजाही इस इलाके में अब आम बात हो गई है। फैक्ट्री के आसपास बढ़ती शेरों की चहलकदमी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फैक्ट्री के मालिक ने इस घटना का वीडियो कैंपस में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जिनमें शेरों की चहलकदमी को कैद किया गया है।
शेरों की मौजूदगी से लोगों में दहशत का महौल
शेरों की चहलकदमी की वजह से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पिछले पंद्रह दिनों से शेरों की मौजूदगी ने फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच डर का माहौल पैदा कर दिया है। 31 अगस्त की सुबह करीब साढ़े छह बजे का वाकया तो और भी चौंकाने वाला था। उस समय कुत्ते डर के मारे जोर-जोर से भौंकने लगे और भागने लगे, लेकिन शेरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। जंगल के राजा अपनी धमक के साथ इलाके में घूमते रहे। यह इलाका गिरनार के पास डूंगरपुर जंगल क्षेत्र के नजदीक है, जहाँ शेरों का आना-जाना पहले से ही सामान्य है।
डर के मारे काम पर आने से कतरा रहे हैं सीमेंट फैक्ट्री के कर्मचारी
स्थानीय लोगों की मानें तो शेर अक्सर शिकार की तलाश में जंगल से निकलकर आसपास के गाँवों और बस्तियों की ओर रुख करते हैं। गिरनार के पास का डूंगरपुर जंगल क्षेत्र नजदीक होने से इस इलाके में शेरों का दिखना आम है। पातापुर गांव में शेरों की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों और फैक्ट्री कर्मचारियों के बीच दहशत फैला दी है। सीसीटीवी फुटेज में शेरों को रात और सुबह के समय फैक्ट्री के आसपास घूमते देखा गया है। कर्मचारी अब डर के साये में फैक्ट्री में काम कर रहे हैं। कई कर्मचारियों ने बताया कि शेरों की दहाड़ सुनकर उन्हें घबराहट सी होने लगती है। कुछ लोग तो सीमेंट फैक्ट्री में काम पर आने से भी कतरा रहे हैं।
