Viral Video: जब मैदानी इलाकों में हल्की सी ठंड बढ़ने पर हम रजाई और हीटर का सहारा ढूंढने लगते हैं, ठीक उसी वक्त देश की सीमाओं पर तैनात हमारे वीर जवान प्रकृति के सबसे क्रूर रूप का सामना कर रहे होते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर भारतीय सेना से जुड़ा एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो रहा है और आंखें नम हो रही हैं। यह वीडियो किसी फिल्म की शूटिंग का हिस्सा नहीं, बल्कि सीमा पर तैनात एक जवान द्वारा खुद रिकॉर्ड की गई जमीनी हकीकत है। महज कुछ सेकंड का यह क्लिप बताता है कि हमारी सुरक्षित नींद के पीछे सरहद पर कितनी बड़ी कीमत चुकाई जा रही है।
वायरल वीडियो की शुरुआत सीमा पर स्थित एक फॉरवर्ड पोस्ट के भयावह नजारे से होती है। चारों तरफ जहां तक नजर जाती है, सिर्फ और सिर्फ सफेद बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है। हवा की रफ्तार इतनी तेज है कि बर्फ का गुबार उड़ता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो रिकॉर्ड कर रहा जवान दिखाता है कि कैसे भारी बर्फबारी के कारण सेना का बंकर और उस पर लगी जाली पूरी तरह से बर्फ में दब चुकी है। पास में लगा एक सैटेलाइट डिश एंटीना भी आधा बर्फ के नीचे धंसा हुआ नजर आता है। यह दृश्य इस बात का गवाह है कि वहां तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे जा चुका है और मौसम पल-पल जानलेवा चुनौती पेश कर रहा है। वीडियो के अगले हिस्से में जवान अपने पैरों की तरफ कैमरा घुमाता है। सेना की वर्दी और भारी स्नो-बूट्स पहने जवान घुटनों तक जमी बर्फ पर संभल-संभल कर कदम बढ़ाते दिखते हैं। बंकर के अंदर जाने का रास्ता भी बर्फ से ढक चुका है, जिसे काटकर एक संकरी सुरंग जैसा रास्ता बनाया गया है। वीडियो में दो जवान इस बर्फीली संकरी राह से होते हुए बंकर के भीतर प्रवेश करते हैं। बंकर के अंदर भी ठंड का आलम यह है कि प्रवेश द्वार के पास रखी बाल्टी और सामान तक बर्फ से जमे हुए हैं। ऐसी विषम परिस्थितियों में, जहां सांस लेना और चलना तक दूभर हो जाता है, वहां हमारे सैनिक पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। देखें वीडियो...
दिल जीतने वाला नजारा
इस नजारे को देखकर आप भी जरूर एक पल के लिए चौंक गए होंगे। अब यह मामला सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं यूजर्स जमकर इस वीडियो पर कमेंट भी कर रहे हैं। लोग भारतीय सेना के अदम्य साहस और समर्पण को सलाम कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि हम अपने घरों में सुरक्षित इसलिए हैं, क्योंकि सरहद पर ये फरिश्ते बिना किसी शिकन के खड़े हैं। कई लोगों ने लिखा कि शब्दों में इस त्याग को बयां करना नामुमकिन है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
