Ajab Gajab: शादी के बाद हनीमून का सपना हर कपल के लिए बेहद खास होता है। कोई पहाड़ों की वादियों में सुकून तलाशता है, तो कोई समंदर किनारे रोमांटिक शामें चाहता है। 31 वर्षीय सैमुअल और अन्ना मैकी ने भी अपनी शादी के बाद हनीमून को यादगार बनाने के लिए अफ्रीकी देश बोत्सवाना को चुना। उनका मकसद प्रकृति की खूबसूरती और वन्यजीवों को बेहद करीब से देखना था। सफारी पार्क में ठहरे इस कपल को पानी से भरे इलाकों में पारंपरिक छोटी नाव-जिसे 'मोकोरो' कहा जाता है, में घूमने का मौका मिला। चारों ओर हरियाली, शांत पानी और प्रकृति के नजारे किसी पोस्टकार्ड जैसे लग रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही पलों में यह शांत सफर एक खौफनाक हादसे में बदल जाएगा।
सैमुअल और अन्ना की नाव सफारी टीम के बाकी लोगों से थोड़ी दूर निकल गई। इसी दौरान अचानक एक विशालकाय हिप्पो ने सैमुअल को निशाना बना लिया। अफ्रीका में हिप्पो दिखने में भले ही भारी-भरकम और सुस्त लगें, लेकिन पानी और उसके आसपास वे बेहद आक्रामक और खतरनाक माने जाते हैं। हिप्पो ने सैमुअल को अपने ताकतवर जबड़ों में जकड़ लिया और बुरी तरह इधर-उधर पटकने लगा। सैमुअल ने बाद में उस भयावह क्षण को याद करते हुए बताया कि उन्होंने गाइड के चेहरे पर ऐसा डर देखा, जिसे वे कभी भुला नहीं सकते। उस एक नजर ने ही बता दिया था कि हालात कितने जानलेवा हो चुके हैं। पति को एक विशालकाय जानवर के चंगुल में फंसा देख अन्ना के लिए वह मंजर किसी बुरे सपने से कम नहीं था। घबराहट और चीख के बीच अन्ना ने पीछे हटने के बजाय सीधे मदद के लिए आगे बढ़ने का फैसला किया। बिना अपनी सुरक्षा की परवाह किए वह हिप्पो की तरफ लपकीं और उसके चेहरे पर जोरदार मुक्के मारने लगीं। अक्सर ऐसी घटनाओं में लोग स्तब्ध रह जाते हैं, लेकिन अन्ना की तात्कालिक हिम्मत ने जानवर का ध्यान भटकाया और दबाव बनाया। आखिरकार हिप्पो ने सैमुअल को छोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल हुआ शख्स
हिप्पो के हमले से सैमुअल बुरी तरह घायल हो चुके थे। उनके पेट में गहरी चोट आई थी, अंदरूनी अंग बाहर निकल आए थे और एक पैर में संवेदना भी खत्म हो गई थी। हालात की गंभीरता देखते हुए अन्ना ने तुरंत परिवार, करीबियों और अमेरिकी दूतावास से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई। जंगल और दूरस्थ लोकेशन के चलते मेडिकल सहायता जुटाना आसान नहीं था। करीब 13 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद परिवार और करीबियों ने मेडिकल इमरजेंसी के लिए हेलिकॉप्टर की व्यवस्था की। हमले के लगभग 18 घंटे बाद सैमुअल को बोत्सवाना से दक्षिण अफ्रीका के एक अस्पताल पहुंचाया गया।

