वायरल न्यूज़

VIIDEO: शांत नीले आसमान को चीरता निकला 1,000 मीटर ऊंचा राख का गुबार! कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर

VIDEO: जापान के कागोशिमा प्रांत स्थित सक्रिय ज्वालामुखी 'सकुराजिमा'में जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे राख और धुएं का गुबार क्रेटर से लगभग 1,000 मीटर की ऊंचाई तक जा पहुंचा। इस नजारे को देखकर हर कोई हैरान रह गया।

Image

सकुराजिमा ज्वालामुखी में महाविस्फोट

VIDEO: प्रकृति का शांत रूप कब रौद्र रूप धारण कर ले, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। कुछ ऐसा ही हैरतअंगेज और खौफनाक नजारा जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित कागोशिमा प्रांत में देखने को मिला, जहां देश के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में से एक सकुराजिमा में जोरदार विस्फोट हुआ। स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2:35 बजे हुए इस धमाके ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि ज्वालामुखी के मुहाने से निकला राख और धुएं का घना गुबार करीब 1,000 मीटर (1 किलोमीटर) की ऊंचाई तक आसमान में जा पहुंचा।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो किसी भी देखने वाले की सांसें थमा सकता है। फुटेज की शुरुआत में ज्वालामुखी के क्रेटर से राख का विशाल, मटमैला गुबार इतनी तेजी से ऊपर उठता दिखाई देता है कि वह आसमान में तैर रहे सफेद बादलों को भी चीरता हुआ निकल जाता है। वीडियो का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वह है जब कैमरा थोड़ा पीछे होता है। एक तरफ नीचे पारंपरिक जापानी शैली की पत्थर की रेलिंग, हरे-भरे पेड़ और शांत वातावरण नजर आता है-जहां आम दिनों की तरह लोगों की चहलपहल और बातचीत की आवाजें सुनाई दे रही हैं, वहीं ठीक उसके पीछे प्रकृति का यह प्रचंड रूप दिखाई दे रहा है। दिन के उजाले और नीले आसमान के बीच उठता यह विशाल ज्वालामुखीय बादल किसी हॉलीवुड फिल्म के दृश्य जैसा प्रतीत होता है। विस्फोट के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी हरकत में आ गई। एजेंसी ने सकुराजिमा के लिए 'ज्वालामुखी चेतावनी स्तर-3' को बरकरार रखा है। पांच स्तरों वाले चेतावनी पैमाने पर लेवल-3 का सीधा अर्थ है कि पहाड़ के करीब जाना जानलेवा हो सकता है और इस क्षेत्र में प्रवेश पर सख्त पाबंदी है। देखें वीडियो...

कैमरे में कैद हुआ शॉकिंग नजारा

वहीं, मौसम विज्ञान एजेंसी ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को आगाह किया है कि विस्फोट के कारण क्रेटर के आसपास के इलाकों में बड़े ज्वालामुखीय पत्थर गिरने और 'पायरोक्लास्टिक फ्लो' का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ज्वालामुखी के नजदीक न जाएं और हवा की दिशा के अनुसार गिरने वाली राख से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। यहां आपको बता दें कि कागोशिमा खाड़ी में स्थित सकुराजिमा जापान के सबसे सक्रिय ज्वालामुखियों में गिना जाता है। भौगोलिक रूप से जापान प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में बसा है, जहां टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल के कारण दुनिया के सबसे अधिक भूकंप और ज्वालामुखी विस्फोट होते हैं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article