Shaligram Bhagwan Ki Aarti : देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शालिग्राम भगवान विष्णु के ही अवतार है। घर में इनकी स्थापना करके नियमित पूजा करने से सुख-समृद्धि और सकारात्मकता बनी रहती है। खासतौर पर तुलसी दल, चंदन, धूप और दीप अर्पित करके शालिग्राम की पूजा की जाती है। पूजा के अंत में श्रद्धा के साथ शालिग्राम भगवान की आरती करने का विधान है। शालिग्राम की आरती में भक्त भगवान से अपने पापों की क्षमा, परिवार की सुख-शांति और भगवान के चरणों में स्थान पाने की प्रार्थना करते हैं। देवउठनी एकादशी की शाम पूजन के साथ तुलसी दल और फूल चढ़ाएं। इसके बाद शंख-घंटा बजाते हुए आरती उतारें।
शालिग्राम भगवान की आरती लिरिक्स
शालिग्राम सुनो विनती मेरी ।
यह वरदान दयाकर पाऊं ॥
प्रात: समय उठी मंजन करके ।
प्रेम सहित स्नान कराऊँ ॥
चन्दन धुप दीप तुलसीदल ।
वरन -वरण के पुष्प चढ़ाऊँ ॥
तुम्हरे सामने नृत्य करूँ नित ।
प्रभु घंटा शंख मृदंग बजाऊं ॥
चरण धोय चरणामृत लेकर ।
कुटुंब सहित बैकुण्ठ सिधारूं ॥
जो कुछ रुखा सूखा घर में ।
भोग लगाकर भोजन पाऊं ॥
मन वचन कर्म से पाप किये ।
जो परिक्रमा के साथ बहाऊँ ॥
ऐसी कृपा करो मुझ पर ।
जम के द्वारे जाने न पाऊं ॥
माधोदास की विनती यही है ।
हरी दासन को दास कहाऊं ॥
॥ इति श्री शालिग्राम आरती संपूर्णम् ॥
शालिग्राम भगवान की आरती कैसे उतारें
शालिग्राम भगवान की पूजा पूरी करने के बाद घी का दीपक जलाएं और आरती की थाली दाहिने हाथ में लेकर बाएं हाथ से घंटी बजाएं। वैष्णव परंपरा में प्रचलित विधि के अनुसार शालिग्राम जी की आरती घड़ी की सुई की दिशा यानी दक्षिणावर्त दिशा में कुल 14 बार घुमाई जाती है। इसमें सबसे पहले शालिग्राम जी के निचले हिस्से यानी चरणों की भावना करते हुए 4 बार दीपक घुमाएं।
इसके बाद मध्य भाग यानी नाभि के स्थान पर 2 बार और ऊपरी हिस्से यानी मुख की भावना करते हुए 1 बार आरती करें। अंत में शालिग्राम जी के संपूर्ण स्वरूप के चारों ओर बड़े घेरे में 7 बार दीपक घुमाएं। इस तरह 4, 2, 1 और 7 के क्रम में कुल 14 आवर्तन पूरे होते हैं। आरती के दौरान भगवान विष्णु का स्मरण करें और अंत में परिवार के सभी सदस्यों को आरती दिखाकर चरणामृत और प्रसाद वितरित करें।
क्यों करनी चाहिए प्रभु की आरती
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शालिग्राम भगवान की पूजा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है। इस आरती में भक्त भगवान से अपनी गलतियों की क्षमा मांगते हैं और परिवार सहित उनकी कृपा पाने की प्रार्थना करते हैं। आरती की पंक्तियों में भगवान को सुबह स्नान कराने, चंदन, धूप, दीप और तुलसी दल अर्पित करने की बात आती है।
