सोशल मीडिया पर इन दिनों एक प्रीमियम ऑटो की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस ऑटो की खास बात यह है कि इसमें सफर के दौरान मिलने वाली हर एक सुविधा उपलब्ध है। जिसका रेट कार्ड ऑटो में ही लगाया गया है। अब यह रेट कार्ड की तस्वीर सोशल मीडिया पर इस वक्त तेजी से वायरल हो रही है। जिसे देखकर लोग हैरान भी हो रहे हैं और ड्राइवर के बिजनेस आइडिया की तारीफ भी कर रहे हैं।
ऑटो में लगा है यह खास मेनू
इस तस्वीर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शागुन ओहरी नाम की यूजर ने शेयर किया है। तस्वीर में ऑटो-रिक्शा के अंदर ड्राइवर की सीट के पीछे एक कागज चिपका हुआ दिखाई दे रहा है। जिस पर तरह-तरह सुविधाओं के बारे में जिक्र कर उनकी कीमत भी लिखी गई है।
वायरल हो रहे इस रेट कार्ड पर लिखा है – “प्रीमियम ऑटो में आपका स्वागत है।” इसके नीचे यात्रियों के लिए कुछ सुविधाएं और उनकी कीमत लिखी गई है। जैसे 30 मिनट के लिए पंखा चलवाने पर 10 रुपये चार्ज किए जाएंगे। अगर आपको ठंडे पानी की बोतल चाहिए तो वह भी इस ऑटो में मौजूद है और 500 ML ठंडे पानी की एक बोतल के लिए 12 रुपये चार्ज किए जाएंगे। साथ ही ऑटो में फोन चार्ज करने की सुविधा भी मौजूद है। आपके फोन में चाहे कोई भी चार्जर लगता हो, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता। यानि अगर आपको सफर के दौरान इनमें से कोई भी सुविधा चाहिए तो आप पैसे देकर इन सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें:
लोगों को पसंद आया ड्राइवर का आइडिया
ऑटो ड्राइवर के इस अनोखे कॉन्सेप्ट ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। लोगों ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए इसे मजेदार और समझदारी भरा आइडिया बताया। कुछ लोगों ने मजाक में कहा कि अब ऑटो भी धीरे-धीरे एयरलाइंस की तरह बनते जा रहे हैं, जहां हर छोटी सुविधा के लिए अलग से पैसे देने पड़ते हैं।
ड्राइवर की कमाई बढ़ाने का तरीका
कई यूजर्स का मानना है कि यह आइडिया ड्राइवर की कमाई बढ़ाने का एक अच्छा तरीका है। इससे यात्रियों को जरूरत के हिसाब से सुविधाएं मिल जाती हैं और ड्राइवर को थोड़े ज्यादा पैसे भी मिल जाते हैं। खासकर गर्मी के मौसम में अगर ऑटो में पंखा या ठंडा पानी मिल जाए, तो लोगों को यह सुविधा काफी काम की लगेगी।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
