Cordelia Sky Cruise: समुद्र के रास्ते छुट्टियां मनाने का विकल्प तलाश रहे भारतीय पर्यटकों के लिए क्रूज टूरिज्म का दायरा बढ़ने जा रहा है। मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स के ऊपर रविवार शाम 1,500 ड्रोन से सजे आसमान ने सबका ध्यान खींचा। रोशनी, संगीत और आकर्षक आकृतियों के इस शो के जरिए भारत के क्रूज कारोबार में एक नए विस्तार का ऐलान किया गया। इस मौके पर कॉर्डेलिया क्रूज ने अपने दूसरे जहाज 'कॉर्डेलिया स्काई' को पेश किया। देश के सबसे लक्जरी क्रूज में से एक ये नया जहाज 23 अक्टूबर 2026 से मुंबई से अपनी यात्रा शुरू करेगा। इससे पर्यटकों को गोवा, लक्षद्वीप और समुद्र में मिनी वेकेशन के लिए नए विकल्प मिलेंगे।
'कॉर्डेलिया स्काई' में 1,002 स्टेटरूम
258 मीटर लंबे 'कॉर्डेलिया स्काई' में 1,002 स्टेटरूम हैं और इसमें एक साथ तकरीबन 2,000 यात्रियों के ठहरने की क्षमता है। जहाज पर रेस्तरां, थिएटर, स्विमिंग पूल, मनोरंजन और बच्चों के लिए सुविधाएं उपलब्ध होंगी। भारतीय यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए शुद्ध शाकाहारी और जैन भोजन के विकल्प भी होंगे। क्रूज छुट्टियों का आकर्षण केवल जहाज पर मिलने वाली सुविधाओं तक सीमित नहीं है। इसमें यात्रा, ठहरने और मनोरंजन को एक ही अनुभव में शामिल किया जाता है।
बंदरगाह सेवाओं, पर्यटन और छोटे कारोबारों के लिए भी नए अवसर पैदा होने की संभावना
हालांकि, भारतीय परिवारों के लिए इस विकल्प की लोकप्रियता अंततः टिकट की कीमत, यात्रा कार्यक्रम, बंदरगाहों तक पहुंच और कुल छुट्टी के बजट पर भी निर्भर करेगी। क्रूज टूरिज्म के विस्तार में दक्षिण भारत की भूमिका भी बढ़ने वाली है। मौजूदा क्रूज इम्प्रेस के जरिए 25 अक्टूबर से कोच्चि से आप लक्षद्वीप के अलावा मालदीव की राजधानी माले और श्रीलंका के कोलंबो तक यात्रा कर सकेंगे। इससे केरल और आसपास के राज्यों के यात्रियों को क्रूज पकड़ने के लिए मुंबई तक आने की जरूरत कम हो सकती है। स्थानीय स्तर पर बंदरगाह सेवाओं, परिवहन, पर्यटन और छोटे कारोबारों के लिए भी नए अवसर पैदा होने की संभावना है
