Viral Video: कहते हैं कि खाकी वर्दी सिर्फ सरहद या सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा ही नहीं करती, बल्कि यह इंसानियत और संवेदना का भी सबसे बड़ा उदाहरण पेश करती है। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा ही दिल छू लेने वाला वीडियो (Trending Video) तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर आप भी इस जवान की तारीफ करते नहीं थकेंगे। दरअसल, एक बेजुबान गाय राह चलते लोहे के एक गेट की घनी रेलिंग के बीच अपना सिर डाल बैठी। सिर तो अंदर चला गया, लेकिन जब उसने बाहर निकालने की कोशिश की तो वह बुरी तरह फंस गया। घबराई और बेबस गाय बार-बार खुद को छुड़ाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन नाकामयाब होकर तड़प रही थी।
जहां यह घटना घटी वहां ड्यूटी पर तैनात सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) के एक जवान की नजर इस बेजुबान पर पड़ी। जवान ने बिना वक्त गंवाए तुरंत कदम बढ़ाया। उसने न तो जल्दबाजी में गाय को खींचा और न ही उसे कोई नुकसान पहुंचने दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वर्दीधारी जवान घुटनों के बल जमीन पर बैठ जाता है। वह बहुत ही प्यार और सहलाते हुए गाय के सींगों और सिर को सही दिशा में मोड़ता है। जवान ने बड़े ही धैर्य और संवेदनशीलता के साथ धीरे-धीरे गाय के सिर को सलाखों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जैसे ही गाय का सिर सलाखों से आजाद हुआ, उसने राहत की सांस ली और सुरक्षित दूरी पर चली गई। इस दौरान जवान के चेहरे पर भी एक बेजुबान की जान बचाने का सुकून साफ देखा जा सकता है। देखें वीडियो...
दिल जीतने वाला नजारा
इस नजारे ने आपका दिल भी जरूर जीत लिया होगा। साथ ही उस जवान की तारीफ कर रहे होंगे। सीआईएसएफ (CISF) ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि यह 'सेवा और सुरक्षा' के साथ-साथ हर जीव के प्रति करुणा और कर्तव्य का अनूठा उदाहरण है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। सोशल मीडिया यूजर्स जवान की जमकर तारीफ कर रहे हैं। किसी ने लिखा कि सच्चा सैनिक वही है जिसके दिल में इंसानियत और बेजुबानों के लिए दया हो। तो किसी ने कहा कि इस जवान की सूझबूझ और प्यार ने आज एक मासूम की जान बचा ली। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
