Mathura-Bareilly Highway Accident: मथुरा मे गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। राया थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हाईवे से उतरकर खेत में जा घुसी और वहां काम कर रहे तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में नाती, उसके पिता और बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खेत में देवताओं का थान बनवा रहे थे तीनों
यह हादसा मथुरा-बरेली हाईवे पर राया थाना क्षेत्र में हुआ। जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग अपने खेत में देवताओं का थान बनवाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान हाईवे से गुजर रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार सड़क से नीचे उतरकर सीधे खेत में जा पहुंची और वहां काम कर रहे तीनों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर के बाद तीनों की मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गाड़ी से टक्कर के बाद तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
कार छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही राया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
