UP Police Leaves Cancelled: उत्तर प्रदेश में आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है। डीजीपी राजीव कृष्ण ने आदेश जारी कर प्रदेशभर के सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां 5 नवंबर से 17 नवंबर तक के लिए निरस्त कर दी हैं। यह निर्देश पूरे प्रदेश में लागू होगा।
कब से कब तक रद्द रहेंगी छुट्टियां
डीजीपी कार्यालय की ओर से 4 नवंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि 5 नवंबर से लेकर 17 नवंबर 2026 के बीच किसी भी पुलिसकर्मी को सामान्य अवकाश नहीं मिलेगा। दीपावली और छठ महापर्व जैसे बड़े त्योहारों के दौरान राज्य में शांति व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा पुख्ता करने के लिए यह फैसला लिया गया है। हालांकि, विशेष परिस्थितियों में संबंधित अधिकारी जरूरत के अनुसार छुट्टी मंजूर कर सकेंगे।
सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश
यह आदेश प्रदेश के सभी डीजी, एडीजी, पुलिस कमिश्नर, आईजी, डीआईजी और जिलों के एसएसपी को भेजा गया है, ताकि निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके। इसके अलावा रेलवे पुलिस के अधिकारियों और अन्य संबंधित पुलिस इकाइयों को भी निर्देश की जानकारी दी गई है।
दरअसल दिवाली और छठ पूजा के दौरान बाजारों, मंदिरों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ने की बहुत संभावना रहती है। ऐसे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात को सुचारु रखना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी की जरूरत होगी। त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में पुलिसकर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है।
