क्रिकेट

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे जीतने के बाद कप्तान गिल ने अंशुल कंबोज के लिए कहे खास शब्द

Shubman Gill On Anshul Kamboj: ऑकलैंड में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में अंशुल कंबोज ने किफायती गेंदबाजी करने के साथ-साथ 2 अहम विकेट भी झटके। उनकी इस शानदार गेंदबाजी से प्रभावित कप्तान शुभमन गिल ने मैच के बाद कंबोज की जमकर तारीफ की।

Image

शुभमन गिल ने अंशुल कंबोज की तारीफ की (X/AP)

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में अंशुल कंबोज के शानदार प्रदर्शन पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की परिस्थितियां इस तेज गेंदबाज के बेहद अनुकूल हैं। कंबोज ने उछाल भरी विकेट पर बादल छाए रहने की स्थिति में शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 22 रन देकर दो विकेट लिए और न्यूजीलैंड को 185 रन पर आउट करने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने पहला वनडे जीतकर पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

शुभमन गिल ने मैच के बाद कहा, "अंशुल जिस तरह का गेंदबाज है उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह इन परिस्थितियों के लिए बिल्कुल उपयुक्त गेंदबाज है। वह हमेशा तेज गेंदबाजी करता है, गेंद को सीम कराने की कोशिश करता है और पुरानी गेंद से भी अच्छी गेंदबाजी करता है। हमें लगा कि जब विकेट से ज्यादा मदद नहीं मिल रही हो तो वह अतिरिक्त उछाल पैदा कर सकता है और उसने आज जिस तरह से गेंदबाजी की उसे देखना वास्तव में शानदार था।"

गिल ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। कंबोज के अलावा अर्शदीप सिंह ने चार और गुरनूर बराड़ ने तीन विकेट लिए। गिल ने विराट कोहली के एक हाथ से पकड़े गए कैच और रोहित शर्मा का डैरिल मिचेल को रन आउट करने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "हमारी गेंदबाजी बहुत अच्छी थी और हमारी फील्डिंग भी शानदार रही। मुझे लगता है कि रोहित भाई ने जो रन आउट किया उससे मैच का रुख पलट गया।"

गिल ने स्वीकार किया कि बार-बार बारिश के कारण खेल में रुकावट आने से बल्लेबाजों की लय बिगड़ सकती है। उन्होंने कहा, "जब आप अच्छी स्थिति में हों और फिर बारिश हो जाए और विकेट थोड़ा तेज हो जाए या बारिश के बाद पिच थोड़ी फिसलन भरी हो जाए, तो रन बनाना आसान नहीं होता है। लेकिन हमने सहज होकर बल्लेबाजी करने पर ध्यान दिया जिससे हमारे लिए चीजें आसान हो गई।"

कंबोज ने कहा कि वह केवल ’बेसिक्स’ पर ही ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "लगातार एक ही लेंथ और लाइन पर गेंदबाजी करना और विकेट की प्रकृति पर ध्यान केंद्रित नहीं करना महत्वपूर्ण था। मैंने बेसिक्स पर ध्यान दिया तथा सही लाइन और सही लेंथ पर गेंदबाजी की।"

कंबोज ने कहा कि विकेट पर उछाल को देखते हुए उन्हें अपनी लेंथ में विशेष रूप से बदलाव करने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने कहा, "मुझे विकेट से अच्छी उछाल मिल रही थी इसलिए मुझे केवल अपनी लेंथ पर ध्यान देना था और मैंने वही किया।"

न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि पहले बल्लेबाजी करते समय उनकी टीम को पिच से मिल रही उछाल को देखकर उन्हें हैरानी हुई।उन्होंने कहा, "ईडन पार्क की पिच शायद उछाल भरी थी और हमारी उम्मीद से थोड़ी तेज थी। हम इससे उतनी जल्दी तालमेल नहीं बिठा पाए जितनी जल्दी बिठा सकते थे। इसके अलावा भारत ने अच्छी गेंदबाजी भी की।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article