भारतीय ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के बीच अक्सर टिकट कंफर्म होने और वेटिंग टिकट पर यात्रा को लेकर भ्रम बना रहता है। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक रील तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें रेलवे के एक TTE ने एक PNR से जुड़े यात्रियों के टिकट नियमों के बारे में जानकारी दी है।
एक PNR में कई यात्रियों की होती है बुकिंग
भारतीय रेलवे में अक्सर परिवार या ग्रुप के लोग एक साथ यात्रा करने के लिए एक ही PNR नंबर पर टिकट बुक करते हैं। एक PNR में अधिकतम 6 यात्रियों तक की टिकट बुक की जा सकती है। ऐसे में अगर 6 यात्रियों में से सिर्फ एक यात्री की सीट कंफर्म होती है और बाकी यात्रियों की टिकट वेटिंग में रह जाती है, तो यात्रा को लेकर कई लोगों के मन में सवाल होता है कि क्या बाकी यात्री ट्रेन में चढ़ सकते हैं या नहीं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बंद होगा रेलवे का 40 साल पुराना PRS सिस्टम, सेकेंडों में टिकट होगा बुक, AI करेगा कमाल
वायरल वीडियो में TTE जितेंद्र मिश्रा बताते हैं कि अगर एक ही PNR पर कई यात्रियों की टिकट बुक है और उनमें से किसी एक यात्री की टिकट कंफर्म हो जाती है, जबकि बाकी यात्रियों की टिकट वेटिंग में रह जाती है, तो ऐसी स्थिति में वे यात्री ट्रेन में सफर कर सकते हैं।
एक टिकट कंफर्म होने पर बाकी यात्री कर सकते हैं यात्रा
TTE जितेंद्र मिश्रा के मुताबिक, अगर एक ही PNR पर एक से ज्यादा यात्रियों का टिकट है और उनमें से कम से कम एक यात्री का टिकट कंफर्म हो गया है, जबकि बाकी यात्रियों की टिकट वेटिंग में है, तो सभी यात्री ट्रेन में यात्रा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह नियम ऑनलाइन टिकट के साथ-साथ रेलवे काउंटर से लिए गए टिकट पर भी लागू होता है। हालांकि जिन यात्रियों की टिकट कंफर्म नहीं हुई है, उन्हें अलग से सीट मिलने की गारंटी नहीं होती।
वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को नहीं मिलेगी सीट
ऐसी स्थिति में जिन यात्रियों का टिकट वेटिंग में रह गया है, वे ट्रेन में सफर तो कर सकते हैं, लेकिन उन्हें सीट उपलब्ध नहीं कराई जाएगी। उन्हें कंफर्म टिकट वाले यात्री के साथ एडजस्ट करना पड़ सकता है या सीट खाली होने की स्थिति पर निर्भर रहना होगा यानी यात्रा की अनुमति और सीट मिलने का अधिकार दोनों अलग-अलग बातें हैं।
ऑनलाइन और विंडो टिकट दोनों पर लागू
वायरल रील में TTE ने यह भी बताया कि यह नियम सिर्फ ऑनलाइन टिकट तक सीमित नहीं है। अगर रेलवे काउंटर से खरीदे गए टिकट में भी एक ही PNR पर कई यात्रियों के नाम हैं और उनमें से किसी एक की टिकट कंफर्म हो जाती है, तो बाकी यात्री भी यात्रा कर सकते हैं, हालांकि यात्रियों को अपने टिकट की स्थिति और रेलवे के मौजूदा नियमों की जानकारी जरूर रखनी चाहिए।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे यात्रा से पहले PNR स्टेटस जरूर चेक करना चाहिए। अगर टिकट पूरी तरह वेटिंग में रह जाती है और ऑनलाइन टिकट ऑटोमैटिक कैंसिल हो जाती है, तो ऐसी स्थिति में यात्रा करना नियमों के अनुसार नहीं माना जाता। इसलिए यात्रा से पहले टिकट की स्थिति, PNR और रेलवे के नियमों की पुष्टि करना जरूरी है, ताकि सफर के दौरान परेशानी का सामना न करना पड़े। यह खबर मिश्रा के रील के आधार पर बनाई गई है। आपके लिए बेहतर होगा कि आप इस मामले पर एक बार रेलवे से भी संपर्क कर लें। टाइम्स नाउ नवभारत वीडियो में किए गए दावे की पुष्टि नहीं करते हैं।
