यूटिलिटी

Aadhaar Copy शेयर करते वक्त भूलकर भी न करें ये गलतियां, इन बातों का रखें खास ध्यान

Aadhaar Safety Guide: भारत में आधार कार्ड का इस्तेमाल पहचान को सत्यापित करने के लिए किया जाता है। घर से बाहर निकलने पर बहुत से कामों में आधार कॉपी का इस्तेमाल किया जाता है।

Image

आधार कॉपी शेयर कर रहे हैं तो भूलकर भी न करें ये गलतियां (X handle/@UIDAI)

Aadhaar Safety Guide: आधार कार्ड (Aadhaar Card) भारत में पहचान के सत्यापन के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रमुख दस्तावेजों में शामिल है। बैंक, होटल, सिम कार्ड, सरकारी सेवाओं और कई दूसरे कामों में पहचान के लिए आधार की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में लोग अक्सर अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी या उसकी डिजिटल कॉपी दूसरे व्यक्ति या संस्था के साथ शेयर कर देते हैं। हालांकि, आधार की कॉपी शेयर करते समय कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है, क्योंकि इसमें नाम, पता, डीओबी और आधार नंबर जैसी महत्वपूर्ण जानकारी होती है।

हर जगह पूरी आधार कॉपी देने से बचें

किसी संस्था या व्यक्ति के मांगने पर तुरंत आधार की पूरी कॉपी (Aadhaar Copy) देने के बजाय पहले यह समझें कि इसकी जरूरत क्यों है। अगर केवल पहचान या उम्र की पुष्टि करनी है तो पूरी कॉपी देना जरूरी नहीं भी हो सकता है। जितनी जानकारी जरूरी हो, उतनी ही साझा करना बेहतर है।

फोटोकॉपी पर लिखें इस्तेमाल का उद्देश्य

अगर आधार की फोटोकॉपी देनी जरूरी है तो उस पर यह लिख सकते हैं कि कॉपी किस काम के लिए दी जा रही है। उदाहरण के लिए, होटल में जमा कर रहे हैं तो कॉपी पर “केवल होटल बुकिंग के लिए” लिख सकते हैं। साथ में तारीख भी लिख सकते हैं। इससे कॉपी का दूसरे काम में इस्तेमाल होने का जोखिम कम होगा।

अनजान नंबर या व्यक्ति को WhatsApp पर न भेजें

किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर WhatsApp, ईमेल या किसी दूसरे माध्यम से आधार की फोटो या PDF शेयर करने से बचें। अगर कोई संस्था आधार मांग रही है तो पहले उसकी पहचान और जरूरत की पुष्टि करें। खास तौर पर सोशल मीडिया या पब्लिक ग्रुप में आधार की फोटो कभी शेयर नहीं करनी चाहिए।

Masked Aadhaar का कर सकते हैं इस्तेमाल

जहां पूरा आधार नंबर जरूरी न हो, वहां Masked Aadhaar एक विकल्प हो सकता है। इसमें आधार नंबर के शुरुआती आठ अंक छिपे रहते हैं और केवल आखिरी चार अंक दिखाई देते हैं। UIDAI के अनुसार Masked Aadhaar डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध है। आप इसे यूआईडीएआई की ऑफिशियल वेबसाइट या आधार ऐप से डाउनलोड कर सकते हैं।

ऑफलाइन वेरिफिकेशन भी विकल्प

हर जगह आधार की फोटोकॉपी देना जरूरी नहीं है। जहां सुविधा उपलब्ध हो, वहां आधार के डिजिटल या ऑफलाइन वेरिफिकेशन विकल्प के बारे में संबंधित संस्था से पूछ सकते हैं। किसी सेवा के लिए आधार की जरूरत बताई जाए तो यह भी पूछें कि क्या Masked Aadhaar या कोई अन्य आधिकारिक पहचान दस्तावेज स्वीकार किया जा सकता है या नहीं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article