Uttarakhand Tourism: अगर आप चारधाम यात्रा पर जाने का प्लान कर रहे हैं तो ये खबर आपके बेहद काम आएगी। चारधाम यात्रा (Char Dham Yatra) के दौरान जब आप रुद्रप्रयाग से होकर गुजरते हैं तो वहां लगने वाले लंबा जाम आपको पूरी तरह से थका सकता है। खासकर यात्रा सीजन में अगर आप इस रूट का चयन करते हैं तो रुद्रप्रयाग बाजार में घंटों तक वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। बसें, कारें, टैक्सियां और पैदल श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण घंटों आपको लाइन में इंतजार करना पड़ता है। लेकिन अब यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रुद्रप्रयाग में करीब 900 मीटर लंबी एक नई सुरंग बनकर तैयार हो चुकी है। यह सुरंग बद्रीनाथ और केदारनाथ हाईवे को आपस में जोड़ेगी। इसके शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं को रुद्रप्रयाग बाजार की भीड़ से होकर नहीं गुजरना पड़ेगा और उनका सफर पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो जाएगा।
सुरंग के साथ बन रहा है नया पुल
इस परियोजना के तहत सिर्फ सुरंग ही नहीं, बल्कि अलकनंदा नदी पर करीब 200 मीटर लंबा डबल लेन पुल भी बनाया जा रहा है। पुल का निर्माण अंतिम चरण में है। जैसे ही पुल तैयार होगा, श्रद्धालु जवाड़ी बायपास के जरिए सीधे बद्रीनाथ या केदारनाथ मार्ग पर पहुंच सकेंगे। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि रुद्रप्रयाग शहर के अंदर लगने वाले ट्रैफिक जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी।
कब तक शुरू हो सकता है रास्ता?
रुद्रप्रयाग के जिला मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा के मुताबिक, पुल का निर्माण 31 अगस्त तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद इस पूरे मार्ग पर वाहनों का ट्रायल किया जाएगा। अगर परीक्षण सफल रहता है, तो जल्द ही इस नए रास्ते को आम लोगों और चारधाम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
चारधाम यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा?
नई सुरंग और पुल शुरू होने के बाद यात्रियों को कई बड़े फायदे मिलेंगे जैसे- रुद्रप्रयाग बाजार के जाम से राहत मिलेगी। बद्रीनाथ और केदारनाथ का सफर पहले से ज्यादा आसान होगा। यात्रा का समय कम लगेगा। ट्रैफिक का दबाव घटेगा। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजमर्रा की आवाजाही में सुविधा मिलेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
यात्रा की योजना बना रहे हैं तो रखें इस अपडेट पर नजर
अगर आप इस साल चारधाम यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो इस परियोजना से जुड़ी ताजा अपडेट पर नजर जरूर रखें। यदि निर्धारित समय पर पुल और सुरंग दोनों शुरू हो जाते हैं, तो आपकी यात्रा पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आरामदायक हो सकती है। चारधाम यात्रा के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
ऐसे में बेहतर सड़कें और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। बद्रीनाथ-केदारनाथ हाईवे को जोड़ने वाली यह नई सुरंग और पुल भी उसी दिशा में उठाया गया एक बड़ा कदम है। उम्मीद की जा रही है कि इसके शुरू होने के बाद चारधाम यात्रा का अनुभव पहले से कहीं बेहतर होगा और श्रद्धालुओं को लंबी ट्रैफिक लाइनों में घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
