शहर

महाराष्ट्र TET का आगरा की प्रिटिंग प्रेस से लीक हुआ था पेपर, 8000 रुपये में किया सौदा; दो और गिरफ्तारियों के बाद खुले राज

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के प्रश्नपत्र लीक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भिवंडी पुलिस ने फरार हो गए दो आरोपियों को बीड और बिहार से गिरफ्तार किया है।

Image

महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक में दो और गिरफ्तारियां (फाइल फोटो)

  • Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) के प्रश्नपत्र लीक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए भिवंडी पुलिस ने फरार हो गए दो आरोपियों को बीड और बिहार से गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि प्रकाश मिसाल और अशोक साव की गिरफ्तारी के साथ आरोपपत्र में नामजद सभी 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
  • दो और आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
  • समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, ठाणे शहर पुलिस और भिवंडी डिवीजन (जोन-द्वितीय) के अधिकारियों के नेतृत्व में की गई जांच में महाराष्ट्र, बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले व्यापक अंतरराज्यीय परीक्षा धोखाधड़ी नेटवर्क का खुलासा हुआ। अधिकारी ने कहा, ''दोनों संदिग्धों साव और मिसाल का पुलिस के विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी खुफिया जानकारी, वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड और लोकेशन लॉग के जरिये पता लगाया।''

    गत 28 जून को निर्धारित परीक्षा से एक दिन पहले इस गिरोह का तब भंडाफोड़ हुआ था, जब जोन-द्वितीय के पुलिस उपायुक्त पवन बंसोड़ को सूचना मिली थी कि तीन लोग भिवंडी के एक निवासी को परीक्षा के प्रश्नपत्र बेचने की कोशिश कर रहे हैं।

  • प्रश्नपत्रों के चार सेट जब्त
  • पुलिस ने कोंगांव इलाके में अपने कर्मियों को ग्राहक बनाकर जाल बिछाया, संदिग्धों को हिरासत में लिया और प्रश्नपत्रों के चार सेट जब्त किए। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद (MSCE) के अधिकारियों से बाद में कराई गई जांच में पुष्टि हुई कि जब्त सामग्री वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाती थी।

    ठाणे पुलिस द्वारा दायर आरोपपत्र के अनुसार, दो कर्मचारियों ने आगरा की एक प्रिंटिंग प्रेस से प्रश्नपत्र निकालकर महज 8,000 रुपये के लिए उन्हें जूते के तलवों के भीतर छिपाकर बाहर भेजा था।

  • टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '...फडणवीस को कितना कट मिला?', दीपके ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर MPSC चेयरमैन का मांगा इस्तीफा
  • आरोपपत्र में नामजद सभी 18 पकड़े गए
  • शुक्रवार को भिवंडी की एक स्थानीय अदालत में दाखिल आरोपपत्र में 18 आरोपियों के नाम हैं। इनमें कथित मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता भी शामिल है, जिसका नाम इससे पहले ओडिशा में प्रश्नपत्र लीक मामले में सामने आ चुका है।

    आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के साथ-साथ परीक्षा में कदाचार और अनुचित साधनों से संबंधित महाराष्ट्र के कानूनों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

  • Anurag Gupta
    अनुराग गुप्ताauthor

    अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

    और पढ़ें
    End of Article