शहर

Odisha Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में बढ़ी हलचल, ओडिशा पर मंडराया भारी बारिश का खतरा; हाई अलर्ट पर 20 जिले

Odisha Weather Alert: ओडिशा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के चलते राज्य में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। संभावित मौसम को देखते हुए ओडिशा सरकार ने दक्षिणी और तटीय इलाकों में तैयारियां तेज कर दी हैं और 20 जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Image

ओडिशा में आसमान से बरसेगी आफत (AI Generated/Verified by Newsroom)

Odisha Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में बन रही मौसम प्रणाली के दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने के अनुमान के बीच ओडिशा सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस सिस्टम के प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। राज्य सरकार ने दक्षिणी और तटीय ओडिशा के 20 जिलों के जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। वहीं, 10 अन्य जिलों के प्रशासन को भी सतर्क रहने और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, संभावित स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। इसके 23 सितंबर को गहरे दबाव के क्षेत्र के रूप में दक्षिण ओडिशा-उत्तर आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचने का अनुमान है। सरकार इसी संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। विशेष राहत आयुक्त राजेश प्रवाकर पाटिल ने भी जिलों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बदलते मौसम की परिस्थितियों पर लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कदम उठाने को कहा है।

23-24 सितंबर को दक्षिण ओडिशा के कई इलाकों में रेड अलर्ट

आईएमडी के शाम के बुलेटिन के मुताबिक, रविवार शाम 5:30 बजे कम दबाव का क्षेत्र पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय था। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। सोमवार को इसके दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने और 22 सितंबर को पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदलने का अनुमान है। इसके बाद 23 सितंबर की सुबह यह सिस्टम उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट के पास पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने इस सिस्टम के प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। 23 और 24 सितंबर को दक्षिण ओडिशा के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती के अनुसार, राज्य में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है, जबकि कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

27 सितंबर तक अलग-अलग जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। हालांकि, 22 सितंबर से बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान है। दक्षिणी ओडिशा के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। आईएमडी ने 27 सितंबर तक अलग-अलग जिलों के लिए स्थिति के अनुसार रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article