दुनिया

इटली के स्कूलों में बुर्का और हिजाब पर लगेगा बैन,विदेशी छात्रों की संख्या भी सीमित करने की तैयारी में मेलोनी सरकार

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार जल्द ही स्कूलों को लेकर एक नया प्रस्ताव लाएगी। इसमें स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर रोक लगाने के साथ कक्षाओं में विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने का प्रावधान होगा।

Image

जॉर्जिया मेलोनी

Photo : PTI

स्कूलों में बुर्का और हिजाब को लेकर इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार स्कूलों में चेहरा ढकने वाली चीजों जैसे-बुर्का और हिजाब पर रोक लगाने वाला एक विधेयक पेश करेगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इसमें स्कूलों में विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने संबंधी प्रस्ताव भी होगा। जॉर्जिया मेलोनी ने ये एलान अपनी पार्टी 'ब्रदर्स ऑफ इटली' के एक कार्यक्रम में किया।

विदेशी छात्रों के लिए भाषा की शर्त

मेलोनी ने नेशनलिस्ट कंजर्वेटिव पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली के युवा विंग को संबोधित करते हुए कहा कि विदेशी छात्रों के माता-पिता के लिए भी इतालवी भाषा की कक्षाएं अनिवार्य की जा सकती हैं, खासकर उन मामलों में जहां बच्चों को स्कूल व्यवस्था में घुलने-मिलने में गंभीर कठिनाई हो रही है। रोम में आयोजित जियोवेंटू नाज़ियोनेल राष्ट्रीय महोत्सव में उन्होंने कहा जो लोग इटली में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, उन्हें इतालवी भाषा सीखनी होगी। मेलोनी ने कहा कि ऐसे लोगों को देश की संस्कृति समझनी होगी और नियमों का सम्मान करना होगा।

बुर्का और नकाब पर रोक,हिजाब का जिक्र नहीं

इस दौरान अपने संबोधन में प्रस्ताव के बारे में बताते हुए उन्होंने बुर्का और नकाब का जिक्र किया। हालांकि, उन्होंने हिजाब का कोई उल्लेख नहीं किया। सरकार से प्रस्ताव मंजूर होने के बाद इसे कानून बनाने के लिए 60 दिनों के भीतर संसद की मंजूरी लेनी होगी। यानी फिलहाल यह सरकारी प्रस्ताव की घोषणा है,लागू हो चुका कानून नहीं।

प्रवासन नीति पर मेलोनी का जोर

बता दें कि मेलोनी लंबे समय से इटली में प्रवासन और एकीकरण से जुड़े मुद्दों पर सख्त रुख अपनाती रही हैं। उनकी सरकार ने हाल के वर्षों में इसी दिशा में कई नीतियां पेश की हैं। ऐसे में यह कदम ऐसे समय आया है जब इटली में अगले साल आम चुनाव होने हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article