यात्रा

साल में एक खास दिन पर लगता है यह 'लव मार्केट', बिछड़े प्यार से मिलने दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग

यह मेला हर साल वियतनामी लूनर कैलेंडर के तीसरे महीने के 26वें और 27वें दिन लगता है। लोग ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों को पार करते हुए खाउ वाई गांव पहुंचते हैं।

Image

वियतनाम में सजती है 'एक्स की मंडी' (AI Generated Image)

दुनिया में घूमने की एक से एक खूबसूरत जगहें हैं। इनमें से कुछ अपनी सुंदरता तो कुछ अपने इतिहास के लिए जानी जाती हैं। इन्हीं सबके बीच वियतनाम में एक ऐसी जगह है जहां लोग साल में एक खास दिन अपने बिछड़े प्यार से मिलने के लिए इकट्ठा होते हैं। इस दिन काफी अद्भुत मेला लगता। मेले को वियतनाम का लव मार्केट भी कहा जाता है। मीडिा रिपोर्ट्स की मानें तो यह 100 साल से भी पुरानी एक ऐसी अनोखी परंपरा है जहां साल में सिर्फ एक बार वो लोग मिलते हैं जो कभी एक-दूसरे के दिल के बेहद करीब थे।

एक अधूरी मोहब्बत की दास्तान से हुई शुरुआत

इस बाजार के शुरू होने के पीछे एक बेहद दर्दभरी और खूबसूरत कहानी बताई जाती है। सालों पहले नूंग जनजाति के एक बेहद गरीब लड़के को गीयाये जनजाति की एक अमीर और खूबसूरत लड़की से प्यार हो गया। दोनों का प्यार गहरा था, लेकिन दोनों जनजातियों के बीच का फासला बहुत बड़ा था। जब परिवारों को इस रिश्ते का पता चला तो विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों कबीलों के बीच खून-खराबे की नौबत आ गई।

अपनों का खून बहता देख दोनों ने भारी दिल से एक-दूसरे से अलग होने का फैसला लिया। लेकिन अलग होते-होते उन्होंने एक वादा किया- वे हर साल वियतनामी कैलेंडर के तीसरे महीने की 27वीं तारीख को इसी खाउ वाई गांव में एक-दूसरे से मिलेंगे। बस, उसी एक वादे ने आज 100 साल पुरानी एक ऐतिहासिक परंपरा का रूप ले लिया है।

साल में सिर्फ एक दिन सजती है यह अनोखी महफिल

यह मेला हर साल वियतनामी लूनर कैलेंडर के तीसरे महीने के 26वें और 27वें दिन (अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से अप्रैल या मई में) लगता है। इस दौरान अलग-अलग जनजातियों के लोग अपनी पारंपरिक और रंग-बिरंगी पोशाक पहनकर, ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों को पार करते हुए खाउ वाई गांव पहुंचते हैं।

शादीशुदा होने के बाद भी मिलती है मिलने की पूरी छूट

इस मेले की सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यहां आने वाले ज्यादातर प्रेमी अब अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं और शादीशुदा हैं। लेकिन सबसे खास बात यह है कि उनके मौजूदा पति या पत्नी को इस मुलाकात से कोई जलन या एतराज नहीं होता।

यहां का समाज और संस्कृति इस दिन को बहुत पवित्र मानती है। पति अपनी पत्नी को और पत्नी अपने पति को उनके पुराने प्रेमी से मिलने के लिए हंसते-हंसते भेजते हैं। दिन भर साथ बैठकर पुरानी बातें याद करने, एक-दूसरे का हाल-चाल पूछने और दुख-सुख बांटने के बाद, शाम होते ही सब मुस्कुराते हुए अपने-अपने घर और परिवार के पास लौट जाते हैं।

टूरिस्ट्स के लिए भी बना आकर्षण का केंद्र

समय के साथ खाउ वाई लव मार्केट सिर्फ स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं रहा। आज यह अनोखी परंपरा पूरी दुनिया के पर्यटकों और फोटोग्राफर्स को अपनी तरफ खींचती है। जो लोग वियतनाम के वास्तविक लोक जीवन, सांस्कृतिक धरोहर और इस अनूठी प्रेम कहानी को करीब से देखना चाहते हैं, वे हर साल इस खास मेले का हिस्सा बनने हा गियांग पहुंचते हैं।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article