स्पोर्ट्स

Chess Olympiad 2027: भारतीय पुरुष टीम ने नीदरलैंड को दी मात, पोलैंड से हारी महिला टीम

लगातार पांचवीं जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने ओलंपियाड में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है।

Image

आर. प्रज्ञानानंदा

समरकंद (उजबेकिस्तान): भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 46वें शतरंज ओलंपियाड के पांचवें दौर में नीदरलैंड को 3-1 से मात दी जबकि शीर्ष वरीय भारतीय महिला टीम को पोलैंड के हाथों अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा। पुरुष वर्ग में शीर्ष बोर्ड पर आर. प्रज्ञानानंदा और चौथे बोर्ड पर विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने जीत दर्ज कर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया।

प्रज्ञानानंदा ने अनीश गिरी को दी शिकस्त

प्रज्ञानानंदा ने शुरुआती तीन बाजियां अपेक्षाकृत कम रैंकिंग वाले खिलाड़ियों के खिलाफ ड्रॉ खेली थीं, लेकिन अहम मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन खेल दिखाते हुए शानदार फॉर्म में चल रहे अनीश गिरी को शिकस्त दी। गुकेश ने एर्विन ला’आमी को हराकर पांच बाजियों में अपनी चौथी जीत दर्ज की। दूसरे बोर्ड पर अर्जुन एरिगैसी और जोरडेन वान फॉरेस्ट के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। तीसरे बोर्ड पर निहाल सरीन को लूक वान वेली के खिलाफ ज्यादा परेशानी नहीं हुई और उनकी बाजी भी ड्रॉ रही।

लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतने की उम्मीद को पुरुष टीम ने रखा बरकरार

लगातार पांचवीं जीत के साथ भारतीय पुरुष टीम ने ओलंपियाड में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतने की अपनी उम्मीदों को मजबूत बनाए रखा है। भारत ने पिछले सत्र 2024 में बुडापेस्ट में जीता था। शीर्ष वरीय भारतीय महिला टीम के लिए पांचवां दौर निराशाजनक रहा। दूसरे बोर्ड पर आर. वैशाली को एलेक्जांद्रा माल्त्सेव्स्काया के हाथों हार का सामना करना पड़ा जबकि बाकी तीन बाजियां ड्रॉ रहीं। इसके परिणामस्वरूप भारत को 1.5-2.5 से हार झेलनी पड़ी। विश्व के सबसे बड़े शतरंज आयोजन में अभी छह दौर बाकी हैं, ऐसे में भारतीय महिला टीम के सामने इस झटके से उबरकर वापसी करने की चुनौती होगी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article