पहाड़ों के बीच पहुंचते ही जैसे शहर की भागदौड़ थोड़ी पीछे छूट जाती है। शायद यही वजह है कि लद्दाख की खूबसूरत वादियां हर बार लोगों को अपनी तरफ खींच लेती हैं। इन दिनों रुबिना दिलैक और हिना खान की लद्दाख ट्रिप की तस्वीरें भी इसी वजह से ध्यान खींच रही हैं। बर्फीले पहाड़ों, खुली वादियों और साफ आसमान के बीच दोनों का ट्रैवल अंदाज काफी खूबसूरत नजर आ रहा है। हिना खान हाल ही में लद्दाख के थिकसे मोनेस्ट्री और खारदुंग ला जैसी जगहों पर पहुंची थीं और उन्होंने वहां के अनुभव सोशल मीडिया पर साझा किए।
लद्दाख की खासियत सिर्फ यहां के ऊंचे पहाड़ नहीं हैं। यहां का शांत माहौल, घुमावदार सड़कें, छोटे गांव और दूर तक फैले पहाड़ी नजारे किसी भी यात्रा को यादगार बना देते हैं। रुबिना और हिना की तस्वीरों से भी यही ट्रैवल मूड नजर आता है। अगर आप भी पहाड़ों की ऐसी यात्रा का सपना देख रहे हैं, तो इन तस्वीरों से कुछ ट्रैवल आइडिया जरूर लिए जा सकते हैं।
लद्दाख का सफर सिर्फ बर्फ देखने तक सीमित नहीं
लद्दाख को अक्सर बर्फ और ऊंचे पहाड़ों से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इसकी खूबसूरती इससे कहीं ज्यादा बड़ी है। यहां सुबह की हल्की धूप से लेकर शाम के बदलते रंग तक, हर वक्त पहाड़ों का रूप अलग दिखाई देता है।
रुबिना की तस्वीरों में साफ है कि, कैसे वे पति, मां और बच्चियों के साथ लद्दाख की खूबसूरती का लुत्फ उठा रही हैं। नाइट लाइफ, स्टार गेजिंग से लेकर खूबसूरत पहाड़ियों के बीच बैठ नेचर को एन्जॉय करने का अनुभव वाकई कुछ खास ही है।
मोनेस्ट्री का अनुभव
लद्दाख की यात्रा सिर्फ पहाड़ और रोमांच तक सीमित नहीं है। यहां की मोनेस्ट्री इस सफर को एक अलग रंग देती हैं। थिकसे मोनेस्ट्री इसी वजह से यात्रियों के बीच खास जगह रखती है।
सुबह का शांत वातावरण, पहाड़ी ढलान पर बनी इमारत और प्रार्थना का माहौल आपको कुछ समय के लिए रोजमर्रा की भागदौड़ से दूर कर सकता है। हिना खान ने भी अपनी लद्दाख यात्रा के दौरान यहां के आध्यात्मिक माहौल की झलक साझा की थी।
लद्दाख की खूबसूरती
लद्दाख जाएं और ऊंचे पहाड़ी दर्रों की यात्रा न करें, तो सफर थोड़ा अधूरा सा लग सकता है। खारदुंग ला लद्दाख के चर्चित आकर्षणों में शामिल है। हिना खान ने हाल ही में यहां पहुंचकर अपनी यात्रा का अनुभव साझा किया।लद्दाख की सबसे चर्चित जगहों में पांगोंग झील भी शामिल है। पहाड़ों के बीच फैला इसका बदलता नीला रंग इसे बेहद खास बनाता है। आधिकारिक लद्दाख पर्यटन जानकारी के अनुसार यह झील करीब 14,100 फीट की ऊंचाई पर स्थित है।
अगर आपको लगता है कि लद्दाख का मतलब सिर्फ सूखे पहाड़ हैं, तो नुब्रा वैली आपको हैरान कर सकती है। यहां घाटियां, गांव, रेत के टीले और दो कूबड़ वाले ऊंट देखने को मिलते हैं। आधिकारिक पर्यटन विभाग नुब्रा को खारदुंग ला, हंडर के रेत के टीलों और स्थानीय आकर्षणों के लिए प्रमुख क्षेत्र बताता है। जरूर ही आपको भी रुबिना और हिना जैसे लद्दाख की खूबसूरती को करीब से अनुभव करना ही चाहिए।
