यात्रा

आम के दीवानों के लिए गर्मियों का परफेक्ट ट्रैवल प्लान, इन 5 जगहों पर मिलेंगे सबसे मीठे और रसीले आम

Mango Tourism in India: गर्मी के मौसम में आम का स्वाद लेना भला किसे पसंद नहीं आता है। वहीं यदि आप आम के अलग-अलग स्वाद को चखना चाहते हैं, तो ये 5 जगहें आपको जरूर विजिट करनी चाहिए।

Image

आम प्रेमियों के फेवरेट डेस्टिनेशन

Mango Tourism in India: गर्मी का मौसम आते ही बाजारों में आम की खुशबू फैलने लगती है। फलों का राजा कहलाने वाला आम सिर्फ स्वाद का ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं का भी अहम हिस्सा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में आम की ऐसी-ऐसी किस्में उगाई जाती हैं, जिनका स्वाद लोगों को दूर-दूर से खींच लाता है। अगर आप भी आम के शौकीन हैं और इस गर्मी कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं, तो भारत की ये पांच जगहें आपके लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं हैं। यहां आपको आम के अलग-अलग स्वाद चखने को मिल सकते हैं।

कोंकण तट

महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक के बीच फैला कोकण तट आम प्रेमियों का पसंदीदा ठिकाना माना जाता है। यह क्षेत्र खासतौर पर अल्फांसो या हापुस आम के लिए दुनियाभर में मशहूर है। गर्मियों के दिनों में यहां के बाग सुनहरे और नारंगी रंग के आमों से भर जाते हैं। महाराष्ट्र के रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे जिलों में आम की खेती बड़े पैमाने पर होती है। यहां आने वाले पर्यटक न केवल ताजे अल्फांसो आमों का स्वाद लेते हैं, बल्कि बागों में घूमकर आम तोड़ने का अनुभव भी हासिल करते हैं। समुद्र तट और आम के बागों का यह अनोखा संगम यात्रा को और भी खास बना देता है।

मलिहाबाद (उत्तर प्रदेश)

आम की बात हो और मलिहाबाद का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। उत्तर प्रदेश का मलिहाबाद क्षेत्र दुनिया भर में अपने प्रसिद्ध दशहरी आम के लिए जाना जाता है। कहा जाता है कि दशहरी आम की उत्पत्ति यहीं से हुई थी और आज भी यहां के बागों में इसकी सबसे बेहतरीन किस्में उगाई जाती हैं। मलिहाबाद को आम प्रेमियों का तीर्थ भी कहा जाता है।

मालदा और मुर्शिदाबाद

पश्चिम बंगाल का मालदा जिला 'मैंगो कैपिटल ऑफ इंडिया' के नाम से जाना जाता है। यहां उगने वाले हिमसागर, फजली और लक्ष्मण भोग आम अपनी खास मिठास और अनूठे स्वाद के लिए प्रसिद्ध हैं। गर्मियों के मौसम में मालदा और मुर्शिदाबाद के आम के बाग पर्यटकों से गुलजार रहते हैं। यहां के स्थानीय बाजारों में ताजे आमों की भरमार देखने को मिलती है। अगर आप आम की अलग-अलग किस्मों का स्वाद एक ही जगह पर लेना चाहते हैं, तो आप यहां जा सकते हैं।

जूनागढ़

गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में स्थित जूनागढ़, गिर केसर आम की पहचान से जुड़ा हुआ है। यह आम अपने चमकीले रंग, सुगंध और मिठास के लिए बेहद लोकप्रिय है। गिर के जंगलों के आसपास की जलवायु इस आम को विशेष स्वाद प्रदान करती है। गर्मियों के दौरान यहां आम की फसल पूरे शबाब पर होती है। स्थानीय किसान पर्यटकों को आमों की खेती और उनकी देखभाल की प्रक्रिया से भी परिचित कराते हैं।

सलेम और धर्मपुरी (तमिलनाडु)

तमिलनाडु के सलेम और धर्मपुरी जिले आम उत्पादन के लिए बेहद प्रसिद्ध हैं। यहां मालगोवा, इमाम पसंद और अल्फांसो जैसी कई लोकप्रिय किस्मों की खेती होती है। खासकर इमाम पसंद आम अपने अनोखे स्वाद और सुगंध के कारण आम प्रेमियों के बीच काफी लोकप्रिय है।

आम का स्वाद और यात्रा का अनोखा संगम

अगर आपकी गर्मियों की छुट्टियों की योजना अभी तक तय नहीं हुई है, तो इन आम के प्रसिद्ध क्षेत्रों की यात्रा एक शानदार अनुभव हो सकती है। यहां आप सिर्फ स्वादिष्ट आमों का आनंद ही नहीं लेंगे, बल्कि स्थानीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और प्राकृतिक सुंदरता को भी करीब से महसूस कर पाएंगे।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article