चौथे टी20 मुकाबले में जब ईशान किशन की टीम में वापसी हुई तो शानदार बल्लेबाजी करने वाले वैभव सूर्यवंशी को बाहर बैठना पड़ा। अब सवाल उठ रहा है कि क्या 5वें मैच में उन्हें एकबार फिर मौका मिलेगा, क्योंकि सूर्यवंशी को लेकर भारत के पूर्व ओपनर और कामेंटेटर आकाश चोपड़ा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने तर्क दिया कि इस युवा खिलाड़ी को केवल घायल खिलाड़ियों के रिप्लेसमेंट के रूप में नहीं खिलाया जाना चाहिए। उन्होंने टीम मैनेजमेंट को सुझाव दिया कि अगर सूर्यवंशी को प्लेइंग XI में रेगुलर मौके मिलने की उम्मीद कम है, तो उनके लिए घरेलू क्रिकेट, खासकर फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में लौटना बेहतर होगा, ताकि वे क्रीज पर ज्यादा समय बिता सकें। वैभव ने दो मैचों में क्रमश: 4 और 45 रन बनाए, जिसके बाद उन्हें चौथे मैच के लिए प्लेइंग XI से बाहर कर दिया गया।
आकाश चोपड़ा ने अपने YouTube चैनल पर कहा, "पिछले मैच में अभिषेक ने 100 रन बनाए और वैभव 50 रन से चूक गए। लेकिन बैटिंग बहुत अच्छी थी। उसके बाद सवाल यह था कि अगर ईशान फिट हैं, तो कौन बाहर जाएगा। अगर आप फिलॉसफी के हिसाब से सोचें, तो जवाब वैभव सूर्यवंशी है क्योंकि उन्होंने चोटिल किशन की जगह ली थी। लेकिन यह एक डेड रबर था।"
उन्होंने कहा, "वैभव सूर्यवंशी को बाहर करने के फैसले से एक बड़ा सवाल खड़ा होता है। क्या आप वैभव सूर्यवंशी को तभी खिलाएंगे जब कोई चोटिल होगा? या जब कोई उपलब्ध नहीं होगा? अगर ऐसा है, तो आप उसे घर भेज सकते हैं। आप उसे फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेलने के लिए कह सकते हैं। बेशक, वह इंडिया एन ड्रेसिंग रूम में रहकर सीख सकता है। लेकिन अगर यह लंबे समय तक हो रहा है, तो यह ठीक नहीं है।
चोपड़ा ने कहा, "टीम को सामने आकर बताना चाहिए कि उनका रोडमैप और सोच क्या है। हो सकता है कि उन्होंने पहले ही इसके बारे में सोच लिया हो और प्लान बना लिया हो। लेकिन उन्होंने किसी को नहीं बताया है। इसलिए, हमें नहीं पता कि वे वैभव सूर्यवंशी के साथ क्या करने वाले हैं। उनकी गैरमौजूदगी थोड़ी निराशाजनक थी।" किशन की वापसी निराशाजनक रही, वे बिना कोई रन बनाए आउट हो गए, जबकि भारत 260 रन के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए 172/9 पर ही सिमट गया।
