IRCTC: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी आईआरसीटीसी ने आपके लिए 12 दिन का शानदार टूर पैकेज लॉन्च किया है। इस टूर पैकेज का नाम- 'डिवाइन राजस्थान विद उज्जैन यात्रा' है। इस यात्रा में भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के जरिए आपको राजस्थान की खूबसूरती, ऐतिहासिक धरोहरों और धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। यह यात्रा सोलापुर से शुरू होगी, जिसमें उदयपुर, नाथद्वारा, पुष्कर, जोधपुर, जयपुर, खाटू श्याम जी और उज्जैन जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं।
पहला दिन (21 अक्टूबर 2026): सोलापुर से यात्रा की शुरुआत की हो रही है। भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन यात्रियों को लेकर राजस्थान की ओर रवाना होगी। दूसरा दिन (22 अक्टूबर 2026)-इस दिन ट्रेन में अलग-अलग स्टेशनों से यात्री जुड़ेंगे। कुरुडवाड़ी, दौंड, पुणे, लोनावला, कल्याण, वसई रोड, सूरत, वडोदरा और रतलाम जैसे स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे।
तीसरा दिन (23 अक्टूबर 2026)-यात्रा के तीसरे दिन ट्रेन उदयपुर पहुंचेगी। होटल में चेक-इन के बाद यात्रियों को उदयपुर के प्रसिद्ध स्थलों की सैर कराई जाएगी। इस दौरान सिटी पैलेस और जगदीश मंदिर के दर्शन होंगे। रात का ठहराव उदयपुर में होगा। चौथा दिन (24 अक्टूबर 2026)- सुबह के बाद यात्रियों को नाथद्वारा की यात्रा कराई जाएगी। यहां प्रसिद्ध नाथद्वारा मंदिर, एकलिंगजी मंदिर और दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमाओं में शामिल स्टैच्यू ऑफ बिलीफ देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद यात्री उदयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर अजमेर के लिए रवाना होंगे।
पांचवां दिन (25 अक्टूबर 2026)-अजमेर पहुंचने के बाद होटल में फ्रेश होने का समय मिलेगा। इसके बाद पुष्कर के लिए रवाना होंगे। यहां दुनिया के एकमात्र प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर, पुष्कर झील और आसपास के धार्मिक स्थलों के दर्शन होंगे। इसके बाद ट्रेन से जोधपुर के लिए यात्रा शुरू होगी। यात्रियों को अपनी सुविधा से अजमेर शरीफ दरगाह जाने का भी समय मिलेगा। छठा दिन (26 अक्टूबर 2026)- जोधपुर पहुंचने के बाद होटल में ठहरने और आराम के बाद शहर घूमने निकलेंगे। इस दौरान मेहरानगढ़ किला और उम्मेद भवन पैलेस जैसे शानदार स्थानों की सैर कराई जाएगी। इसके बाद ट्रेन से जयपुर के लिए रवाना होंगे।
सातवां दिन (27 अक्टूबर 2026)- जयपुर पहुंचने के बाद होटल में चेक-इन होगा। इसके बाद गुलाबी शहर जयपुर के प्रमुख आकर्षणों को देखने का मौका मिलेगा। यात्रा में सिटी पैलेस, हवा महल और बिड़ला मंदिर शामिल हैं। आठवां दिन (28 अक्टूबर 2026)- सुबह नाश्ते के बाद सड़क मार्ग से प्रसिद्ध खाटू श्याम जी मंदिर के दर्शन के लिए जाएंगे। दर्शन के बाद वापस जयपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर उज्जैन के लिए ट्रेन पकड़ी जाएगी।
नौवां दिन (29 अक्टूबर 2026)- उज्जैन पहुंचने के बाद फ्रेश होने के बाद यात्रियों को प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। यह दिन भगवान महाकाल की नगरी में आध्यात्मिक अनुभव से भरा होगा। दसवां दिन (30 अक्टूबर 2026)- अगले दिन नाश्ते के बाद सड़क मार्ग से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जाएंगे। इसके बाद डॉ. अंबेडकर नगर (महू) रेलवे स्टेशन से वापसी की यात्रा शुरू होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऋषिकेश के पास बसा है स्वर्ग जैसा हिल स्टेशन, भट की दाल और पहाड़ी व्यंजन के लिए है फेमस
ग्यारहवां दिन (31 अक्टूबर 2026)- वापसी के दौरान यात्री रतलाम, वडोदरा, सूरत, वसई रोड, कल्याण, लोनावला, पुणे और दौंड जैसे स्टेशनों पर उतर सकेंगे। बारहवां दिन (1 नवंबर 2026)- अंतिम दिन ट्रेन कुरुडवाड़ी होते हुए सोलापुर पहुंचेगी। इसी के साथ 12 दिनों की यह यादगार धार्मिक और पर्यटन यात्रा समाप्त होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
खर्चे की बात करें तो स्लीपर क्लास में ये ट्रिप आपको ₹19900 में पड़ेगी। 3AC में किराया ₹31920 और 2AC में किराया ₹41840 तय किया गया है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड WZBG75 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इस नंबर पर- 8287931886 संपर्क कर सकते हैं।
