एमएस धोनी

महेंद्र सिंह धोनी पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं। एमएस धोनी का नाम भारत के सबसे सफल सर्वकालिक महान खिलाड़ियों और कप्तान में शुमार है। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने सफलता का नया इतिहास लिखा। धोनी की कप्तानी में भारत ने साल 2007 में टी20 विश्व कप, साल 2011 में वनडे विश्व कप और साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की। धोनी इन तीनों आईसीसी खिताब पर कब्जा करने वाले दुनिया के एकलौते कप्तान हैं।

धोनी का जन्म 7 जुलाई, 1981 को झारखंड के रांची में हुआ था। धोनी को बचपन में फुटबॉल खेलने का शौक था लेकिन उनके स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर ने उन्हें क्रिकेट टीम का विकेटकीपर बना दिया। धोनी ने 2 दिसंबर 2005 को सौरव गांगुली की कप्तानी में श्रीलंका के खिलाफ चेन्नई में टेस्ट डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने 23 दिसंबर 2005 को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे डेब्यू किया और इस मैच में वो खाता खोले बगैर रन आउट हो गए। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ विशाखापट्टनम में धोनी ने 148 रन की धमाकेदार पारी खेलकर धमाल मचा दिया और उस दिन उनके करियर के साथ साथ तकदीर भी पूरी तरह बदल गई। धोनी ने 1 दिसंबर, 2006 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू किया था।

धोनी को साल 2007 में पहले टी20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया का कप्तान बना दिया गया। उनकी कप्तानी में भारत पाकिस्तान को मात देकर टी20 का पहला विश्व चैंपियन बना। इसके बाद जल्दी ही धोनी के हाथों में वनडे टीम की कप्तानी भी सौंप दी गई। धोनी अनिल कुंबले के संन्यास लेने के बाद साल 2008 में टीम इंडिया के टेस्ट कप्तान भी बन गए। धोनी ने साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। इसके बाद वो वनडे और टी20 टीम के कप्तान बने रहे। साल 2017 की शुरुआत में धोनी ने सीमित ओवरों की टीम की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। इसके बाद वो बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलते रहे। साल 2019 के विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में हार के बाद धोनी ने 15 अगस्त 2020 को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया।

धोनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 90 टेस्ट, 350 वनडे और 98 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने क्रमश 4,876, 10,773 और 1617 रन बनाए। उनकी पहचान वनडे और टी20 क्रिकेट में एक फिनिशर की थी उन्होंने अपने कूल टेंप्रामेट की मदद से टीम इंडिया को बहुत से मैच दिलाई। फैंस उन्हें कैप्टन कूल के नाम से पुकारते हैं।

आईपीएल में एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के सदस्य रहे हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में चार बार चेन्नई आईपीएल खिताब दिलाया। चेन्नई सुपर किंग्स का नाम धोनी की कप्तानी में दुनिया की सबसे सफल टी20 टीमों में शुमार है।