टेक एंड गैजेट्स

MS Dhoni के कान में दिखा ये छोटा यूनिक गैजेट, आखिर क्या है यह टेक्नोलॉजी और कैसे करता है काम?

धोनी के इस खास डिवाइस को कोई माइक्रोफोन बता रहा है तो कोई इसे ब्लूटुथ स्पीकर कह रहा है। इसके साथ ही कई लोग इसे फिटनेस डिवाइस भी कह रहे हैं। आइए आपको बताते हैं कि आखिर धोनी ने किस वजह से इसे पहना हुआ था।

Image

यह डिवाइस सिर्फ स्टेडियम के अंदर ही काम करता है। (फोटो क्रेडिट- @KartikSharmaFC)

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) भी स्टेडियम में मैच का आनंद लेते हुए दिखाई दिए। मैच के दौरान पूर्व भारतीय कप्तान ने अपने कानों में एक खास तरह का डिवाइस पहन रखा था। मैच भले ही खत्म हो गया है लेकिन अब धोनी के इस खास डिवाइस की सोशल मीडिया में जमकर चर्चा हो रही है।

धोनी के इस खास डिवाइस को कोई माइक्रोफोन बता रहा है तो कोई इसे ब्लूटुथ स्पीकर कह रहा है। इसके साथ ही कई लोग इसे फिटनेस डिवाइस भी कह रहे हैं। लेकिन आपको बता दें कि यह न तो यह कोई फिटनेस डिवाइस है और न ही कोई माइक्रोफोन है। आइए आपको इसके बारे में डिटेल जानकारी देते हैं।

क्या है यह डिवाइस?

जानकारी के अनुसार, धोनी के कान में दिखा यह छोटा गैजेट मिनी स्टेडियम रेडियो रिसीवर (Mini Stadium Radio Receiver) है। इसकी मदद से स्टेडियम में मौजूद दर्शक मैच की लाइव बॉल-बाय-बॉल कमेंट्री सीधे अपने कानों में सुन सकते हैं। इस डिवाइस के जरिए दर्शकों को मैच से जुड़ी अहम जानकारी, खिलाड़ियों के बारे में अपडेट और विशेषज्ञों की कमेंट्री भी रियल टाइम में सुनने को मिलती है। इससे मैदान में चल रही हर गतिविधि को बेहतर तरीके से समझना आसान हो जाता है।

कैसे करता है काम?

यह रेडियो रिसीवर स्टेडियम के लिए निर्धारित एक खास लोकल रेडियो फ्रीक्वेंसी पर काम करता है। मैच शुरू होने से पहले दर्शक इसे स्टेडियम से खरीद या किराए पर ले सकते हैं। डिवाइस को सही फ्रीक्वेंसी पर सेट करने के बाद कमेंट्री सीधे ईयरपीस के जरिए सुनाई देती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि लाइव मैच और कमेंट्री के बीच बहुत कम समय का अंतर होता है, जिससे दर्शकों को लगभग रियल टाइम अनुभव मिलता है।

स्टेडियम के बाहर नहीं करता काम

यह डिवाइस केवल स्टेडियम और उसके आसपास के सीमित क्षेत्र में ही काम करता है। जैसे ही कोई व्यक्ति स्टेडियम से बाहर निकलता है, इसका सिग्नल बंद हो जाता है और कमेंट्री मिलनी बंद हो जाती है।

सोशल मीडिया पर क्यों हुई चर्चा?

धोनी के कान में यह डिवाइस दिखने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे किसी नई या एडवांस टेक्नोलॉजी वाला गैजेट समझ लिया। हालांकि, यह एक साधारण स्टेडियम रेडियो रिसीवर है, जिसका इस्तेमाल दुनिया के कई बड़े खेल आयोजनों में दर्शकों को लाइव कमेंट्री सुनाने के लिए किया जाता है। यह डिवाइस उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होता है जो स्टेडियम में बैठकर मैच का पूरा रोमांच लेने के साथ-साथ हर गेंद और हर फैसले की जानकारी भी तुरंत पाना चाहते हैं।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article