आईपीएल 2026 में संजू सैमसन ने चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अपनी नई पारी का आगाज किया, लेकिन शुरुआती 3 मुकाबलों में वह पूरी तरह से फेल रहे। नई टीम के साथ इस तरह की शुरुआत किसी भी खिलाड़ी को तोड़ने के लिए काफी होती है, लेकिन संजू ने अपनी चिर-परिचित अंदाज में वापसी की और 2 शतक जड़ दिया। लेकिन ये सब इतना आसान नहीं था। संजू सैमसन ने खुलासा किया कि शुरुआती 3 पारी के बाद वह पूरी तरह से टूट गए थे। लेकिन धोनी की एक सलाह ने उन्हें वापसी करने की हिम्मत दी।
संजू ने बताया कि जब जब मैं सीएसके में शामिल हुआ, तो मैं अपने पहले तीन मैचों में असफल रहा। हम तीनों मैच हार गए और मैंने एक भी रन नहीं बनाया। मैं अभी-अभी विश्व कप फाइनल खेलकर आया था, लेकिन मैं उस फॉर्म को आईपीएल में बरकरार नहीं रख पाया। ऐसी स्थिति में, आप चाहे कितने भी अनुभवी क्यों न हों, आप जानते हैं कि कोच आपसे और अधिक की उम्मीद करते हैं, कप्तान आपसे और अधिक की उम्मीद करते हैं और माही भाई (एमएस धोनी) आपको देख रहे होते हैं,"
टीम मैनेजमेंट ने दिया साथ
उन्होंने कहा टीम प्रबंधन और मेरे साथियों की प्रतिक्रिया में एक प्रतिशत भी बदलाव नहीं आया। जब मैं लगातार तीन मैच हार गया, तब भी उनका मुझ पर भरोसा कभी नहीं डिगा। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है," सैमसन ने यह भी बताया कि पहले तीन मैचों के बाद उन्हें एमएस धोनी से मिलने का मौका मिला और दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज और कप्तान ने उनसे कहा कि "सब ठीक हो जाएगा"। धोनी के ये शब्द सैमसन के लिए एक "बहुत बड़ा सबक" था। क्योंकि उन्हें कुछ अतिरिक्त करने, तनाव लेने या अपनी शैली में कुछ भी बदलने की जरूरत नहीं थी।
काम कर गया धोनी का सुझाव
सैमसन ने कहा 'मुझे आज भी याद है, पहले तीन मैचों के बाद जब हम अभ्यास के लिए गए तो माही भाई मुझसे मिले। मैं आमतौर पर उनके ठीक पीछे, उनकी ओर मुंह करके बैठता हूँ। उन्होंने मेरी तरफ देखकर पूछा कि क्या मैं ठीक हूँ। मैंने कहा, 'भैया, मैं ठीक हूँ।' फिर मैंने अनजाने में ही बार-बार 'लेकिन' और 'हाँ' कहा। तब उन्होंने मुझसे कहा, 'परेशान मत हो, बस वही करो जो तुम सबसे अच्छा करते हो। सब ठीक हो जाएगा।' यह बहुत ही आम बात थी, लेकिन मेरे लिए एक बहुत बड़ा सबक था। वह मुझे बता रहे थे कि सब ठीक है। उस समय, मुझे लगा कि मुझे वास्तव में उनके लिए प्रदर्शन करना होगा। फिर मैंने स्टीफन फ्लेमिंग से कहा, 'चिंता मत करो, अगले मैच में हम ठीक हो जाएंगे।' और अगले मैच में, मैंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शतक बनाया। वहीं से लय वापस आ गई,”
सैमसन ने टूर्नामेंट में 14 पारियों में 43.36 के औसत और 165.63 के स्ट्राइक रेट से 477 रन बनाए, जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल है। सीएसके ने 14 मैचों में छह जीत और आठ हार के साथ अंक तालिका में आठवां स्थान हासिल किया, जिससे उसे 12 अंक मिले।
