क्रिकेट

देवदत्त पडिक्कल ने जड़ा करियर का पहला टेस्ट शतक, बने स्वतंत्रता दिवस पर सैकड़ा जड़ने वाले पहले भारतीय

भारत के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन शानदार शतक जड़ा। पडिक्कल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

Image

देवदत्त पडिक्कल

Photo : AP

गॉल: भारत के 26 साल के युवा बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने टेस्ट क्रिकेट में शानदार वापसी की है। पडिक्कल ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच के पहले दिन शानदार शतक जड़ा। पडिक्कल ने अपने करियर के तीसरे टेस्ट की चौथी पारी में ये कारनामा किया। उन्होंने 134 गेंद में अपना शतक 9 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। पडिक्कल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शतक जड़ने वाले पहले भारतीय भी बन गए हैं। ये उपलब्धि उन्होंने भारत के 600वें टेस्ट और 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हासिल की।

81 गेंद में जड़ा अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल के रन आउट होने के बाद तीसरे पायदान पर बल्लेबाजी करने आए पडिक्कल ने अभ्यास मैच के अपने फॉर्म को टेस्ट मैच में भी जारी रखा। टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले अभ्यास मैच में 142 रन की पारी खेली थी। पडिक्कल ने सधे हुए अंदाज में अपनी पारी की शुरुआत की और अपना अर्धशतक 81 गेंद में 4 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। इसके बाद उन्होंने अगले 50 रन 53 गेंद में जड़कर टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा कर लिया।

21 महीने बाद हुई प्लेइंग-11 में वापसी

साई सुदर्शन के चोट की वजह से टीम से बाहर होने के बाद पडिक्कल को तीसरे पायदान पर बल्लेबाजी का मौका मिला। हाथ आए इस मौके को उन्होंने खाली नहीं जाने दिया और शानदार शतक जड़कर वापसी का जश्न मनाया। देवदत्त पडिक्कल ने टीम इंडिया के लिए आखिरी टेस्ट मैच नवंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में खेला था। उस मैच की दो पारियों में पडिक्कल 0 और 25 रन बना सके। उसके बाद वो टेस्ट टीम में तो शामिल रहे लेकिन प्लेइंग-11 में अपनी जगह बना पाने में नाकाम रहे थे। 21 महीने बाद प्लेइंग-11 में वापसी का जश्न पडिक्कल ने शतक जड़कर मनाया।

तोड़ा धोनी का 12 साल पुराना रिकॉर्ड

देवदत्त पडिक्कल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने हैं। इससे पहले इस दिन भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम दर्ज था। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ साल 2014 में ओवल में सीरीज के पांचवें टेस्ट मैच के पहले दिन 82 रन की पारी खेली थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article