स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली (Moeen Ali) ने भारत के पूर्व तेज गेंदबाज और गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा को सबसे तेज क्रिकेटिंग दिमाग का व्यक्ति बताया है। उन्होंने नेहरा को भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों से भी आगे रखा है। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि नेहरा क्यों सबसे तेज क्रिकेट दिमाग वाले शख्स हैं।
दुनिया के कुछ बड़े कप्तानों और कोच के अंडर खेल चुके मोईन अली ने कहा कि 2018 और 2019 आईपीएल सीजन के दौरान उन्हें नेहरा के साथ समय बिताने को मिला। इसी दौरान मोईन अली को नेहरा को समझने और खेल की हर स्थिति को संभालने की काबिलियत का अंदाजा हुआ।
मोईन ने बताया क्या होनी चाहिए खूबी
अपने पॉडकास्ट 'बियर्ड बिफोर विकेट' पर आदिल रशीद (Adil Rashid) और नुबैद हारून (Nubaid Haroon) से बात करते हुए बताया कि उनकी नजर में वह क्या चीज है जो किसी को क्रिकेट का बेहतरीन क्रिकेटिंग दिमाग वाला बनाती है।
'जिसके पास हर स्थिति के लिए हो जवाब'
उन्होंने कहा, मेरे लिए, क्रिकेट की अच्छी समझ रखने वाला वह व्यक्ति है जो खेल की लगभग हर स्थिति को जानता हो। जिसके पास हर स्थिति के लिए कोई जवाब या थ्योरी हो। जैसे, वह खेल के सभी पहलुओं पर बात करे- वह खिलाड़ी उतना अच्छा क्यों नहीं है, वह अच्छा क्यों है, इस स्थिति में क्या होना चाहिए, क्या हो सकता है।
'क्रिकेट की समझ अद्भुत'
मोईन ने आगे कहा, मैं जिस व्यक्ति का नाम लूंगा, वह हैं आशीष नेहरा। वह गुजरात के कोच हैं, वह कुछ समय के लिए RCB में मेरे साथ भी थे। जब क्रिकेट की समझ की बात आती है, तो उन्हें बहुत अच्छी जानकारी है। उन्हें पता है कि टीम का माहौल कैसे बनाना है और लोगों, खिलाड़ियों और कोचों के साथ कैसे पेश आना है। क्रिकेट की अद्भुत समझ है उनकी।
साल 2022 में बने हेड कोच
गौरतलब हो कि नेहरा का कोचिंग सफर RCB के साथ बॉलिंग कोच के तौर पर शुरू हुआ था। उनके कार्यकाल के दौरान टीम को संघर्ष करना पड़ा और RCB के लगातार अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के कारण उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा। हालांकि, 2022 में गुजरात टाइटंस के हेड कोच बनने पर कहानी पूरी बदल गई। अपने पहले ही IPL सीजन में GT ने खिताब जीता, जिससे नेहरा IPL ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय हेड कोच बन गए।
गुजरात ने किया कमाल
तब से, गुजरात टाइटंस ने पिछले चार सीजन में से तीन बार प्लेऑफ खेला। साल 2023 और 2025 में वह रनर-अप भी रही। वहीं, अक्सर टूर्नामेंट की शुरुआत में उन्हें जीत का दावेदार नहीं माना जाता था। हालांकि, नेहरा की कोचिंग और मेटोरशिप में गुजरात ने अपने प्रदर्शन से भी को हैरान कर दिया।
