स्पोर्ट्स

ASIAN GAMES: भारतीय महिला हॉकी टीम ने मेजबान जापान को 3-1 से हराया, सेमीफाइनल में जगह बनाई

India Women Hockey Team In Semi-Final Of Asian Games 2026: आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना जोरदार प्रदर्शन जारी रखा और इस बार मेजबान जापान को शिकस्त दी। इसी के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

Image

भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान को हराकर एशियन गेम्स सेमीफाइनल में जगह बनाई (X/Hockey India)

Asian Games 2026, Women's Hockey: भारतीय महिला हॉकी टीम ने जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 में अपनी जीत का सिलसिला जारी रखते हुए शुक्रवार को मेजबान जापान को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की और इस तरह से सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत की तरफ से लालरेम्सियामी (5वें मिनट), इशिका चौधरी (30वें मिनट) और नवनीत कौर (36वें मिनट) ने गोल किए। जापान की तरफ से एकमात्र गोल शिहो कोबायाकावा ने 46वें मिनट में किया। अब भारत रविवार को सिंगापुर के खिलाफ पूल बी में अपना आखिरी मैच खेलेगा।

भारतीय टीम ने अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है। उसने उज्बेकिस्तान पर 19-0 की जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उसने इंडोनेशिया को 17-1 से और फिर थाईलैंड को 20-1 से हराया। जापान के खिलाफ भारतीय टीम ने लालरेम्सियामी के फील्ड गोल की बदौलत पांचवें मिनट में ही बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम ने खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और लगातार हमले किए लेकिन जापान की रक्षापंक्ति ने भी अच्छा खेल दिखाया। जापान को भी मौके मिले थे लेकिन वह भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में असफल रहा।

हालांकि, भारत पेनल्टी कॉर्नर को लेकर थोड़ा लापरवाह रहा। उसने पहले हाफ में मिले पांच पेनल्टी कॉर्नर में से केवल एक का ही फायदा उठाया। उस पर भी उसने रिबाउंड से गोल किया।पहले हाफ के आखिरी दो मिनट में भारत ने तेजी से तीन पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिनमें से आखिरी पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत कौर के शुरुआती शॉट को जापानी गोलकीपर ने बचा दिया लेकिन रिबाउंड पर इशिका ने गोल कर दिया।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम ने अपनी लय को बरकरार रखा और तीसरे क्वार्टर के छठे मिनट में नवनीत के गोल से अपनी बढ़त को मजबूत कर दिया। नवनीत ने शानदार स्टिकवर्क का इस्तेमाल करते हुए बेहतरीन शॉट लगाकर गोल किया। जापानी टीम को भारतीय हाफ में प्रवेश करने में काफी संघर्ष करना पड़ा और जब वे ऐसा करने में कामयाब भी हुए, तो भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में असफल रहे।

जापान ने हालांकि चौथे क्वार्टर में अच्छा प्रदर्शन किया। इस क्वार्टर के शुरू होने के तुरंत बाद ही कोबायाकावा ने सर्कल के शीर्ष से एक शानदार शॉट लगाकर गोल किया, जिसे अनुभवी भारतीय गोलकीपर सविता रोकने में नाकाम रहीं। भारत को 50वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन उसने इस मौके को गंवा दिया। जापान को भी अंतिम हूटर बजने से चार मिनट पहले पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारत उसे बचाने में सफल रहा।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article