स्पोर्ट्स

India vs Japan Hockey Highlights: भारत ने आखिरी क्वाटर्र में दागे दो गोल और फिर कटाया खिताबी मुकाबले का टिकट

Asian Champions Trophy 2024, India vs Japan Hockey Highlights: भारतीय हॉकी टीम का महिला एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने आखिरी क्वार्टर में दो गोल करके जापान को 2-0 से शिकस्त दी। इसके साथ ही भारतीय टीम खिताबी मुकाबले में पहुंच गई है।

Image

भारत ने जापान को 2-0 से हराया। (फोटो- Hockey India X)

Photo : Twitter

Asian Champions Trophy 2024, India vs Japan Hockey Highlights: पहले तीन क्वार्टर में दर्जन भर से अधिक पेनल्टी कॉर्नर गंवाने के बाद भारत ने आखिरी क्वार्टर में दो गोल करके जापान को 2-0 से हराकर मंगलवार को महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना चीन से होगा। पहले तीन क्वार्टर गोलरहित रहने के बाद 48वें मिनट में नवनीत कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक पर भारत का खाता खोला जबकि 56वें मिनट में लालरेम्सियामी ने सुनेलिटा टोप्पो के बेहतरीन पास पर दूसरा गोल किया। उधर दूसरे सेमीफाइनल में पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन ने मलेशिया को 3-1 से हराया।

आखिरी ग्रुप मैच में जापान को 3 . 0 से हराने वाली भारतीय टीम 48वें मिनट तक गोल के लिये तरसती रही । भारत को पूरे मैच में 16 पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन एक पर भी गोल नहीं हो सका और रविवार को चीन के खिलाफ फाइनल से पहले कोच हरेंद्र सिंह के लिये यह चिंता का सबब होगा। चौथे क्वार्टर के दूसरे मिनट में दीपिका को जापानी डिफेंडर द्वारा बाधा पहुंचाये जाने पर भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिसे नवनीत ने आसानी से गोल में बदला। आखिरी सीटी बजने से पांच मिनट पहले सुनेलिटा से दाहिने फ्लैंक से मिले सटीक पास को गोल में बदलकर लालरेम्सियामी ने बिहार खेल परिसर स्टेडियम में भारी तादाद में जमा दर्शकों में उत्साह का संचार कर दिया।

जापान को मैच का एकमात्र पेनल्टी कॉर्नर 59वें मिनट में मिला जिसे भारतीय गोलकीपर बिछू देवी ने गोल में नहीं बदलने दिया। मैच में पहले दो क्वार्टर में भारतीय टीम को नौ पेनल्टी कॉर्नर मिले और 13 बार टीम जापानी सर्कल में भी घुसी लेकिन गोल नहीं हो सका। गेंद पर नियंत्रण के मामले में भी भारतीय टीम आगे रही लेकिन फिनिशिंग तक नहीं ले जा पाने से डगआउट के पास खड़े कोच की हताशा साफ नजर आ रही थी। भारत ने आक्रामक शुरूआत करते हुए पहले कुछ मिनटों में ही मौके बनाये । कप्तान सलीमा टेटे के पास दसवें मिनट में सुनहरा मौका था लेकिन बायें फ्लैंक से वह गेंद को पकड़ नहीं सकी।

अगले मिनट में भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे इस टूर्नामेंट में दस गोल कर चुकी दीपिका गोल में नहीं बदल पाई । अगले मिनट दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर भी यही कहानी रही। पहले पंद्रह मिनट में स्कोर 0 . 0 था । दूसरे क्वार्टर में भारत को 18वें और 19वें मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन जापान की गोलकीपर यू कूडो की तारीफ करनी होगी जिन्होंने तेज गति से आने वाले हर शॉट को बखूबी बचाया। भारत की अनुभवी मिडफील्डर नेहा गोयल ने जबर्दस्त खेल दिखाते हुए कई बार गेंद को सर्कल के भीतर पहुंचाया और पेनल्टी कॉर्नर भी बनाये । भारत को उन्होंने छठा पेनल्टी कॉर्नर 20वें मिनट में दिलाया जिस पर दीपिका का पहला शॉट कमजोर रहा और रिबाउंड पर नेहा भी गेंद को भीतर नहीं पहुंचा सकी।

अगले मिनट भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और दीपिका फिर नाकाम रही। इस बीच नेहा , उदिता और ब्यूटी डुंगडुंग गेंद को डी के भीतर लेकर गए लेकिन ब्यूटी को बाधा पहुंचाने के कारण भारत ने पेनल्टी कॉर्नर की अपील की। वीडियो रेफरल के बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन गोल नहीं हो पाया। इस बीच 24वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका फिर गोल नहीं कर पाई । हाफटाइम तक स्कोर गोलरहित बराबरी पर ही था। ब्रेक के बाद भारत ने फिर आक्रामक शुरूआत की और पहले ही मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले । इस बार नवनीत कौर के दोनों शॉट कमजोर रहे।

इसके बाद जापानी खिलाड़ियों ने धीरे धीरे गेंद पर नियंत्रण बनाना शुरू किया हालांकि भारतीय सर्कल तक नहीं पहुंच सके। भारत के लिये उदिता , प्रीति दुबे और संगीता ने 35वें मिनट में अच्छा मूव बनाते हुए पेनल्टी कॉर्नर अर्जित किया लेकिन दीपिका का शॉट बाहर से निकल गया। भारत को तीसरे क्वार्टर का चौथा पेनल्टी कॉर्नर 42वें मिनट में मिला लेकिन पुश भी कमजोर रहा और भारतीय खेमा छितर बितर नजर आया जिससे कामयाबी फिर नहीं मिल सकी। इस क्वार्टर के आखिरी मिनट में भारत को मिले 13वें पेनल्टी कॉर्नर पर उदिता का सीधा शॉट जापानी गोलकीपर ने दाहिना पैर आगे करके बचाया।

(भाषा)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article