Yuzvendra Chahal Revelation On Quitting Alcohol: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन (IPL 2026) 28 मार्च से शुरू होने वाला है। टूर्नामेंट से पहले कई आईपीएल खिलाड़ी इस समय किसी ना किसी चीज को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर आईपीएल से जुड़ी तमाम बातें हो रही हैं और कई पूर्व खिलाड़ी अपने पॉडकास्ट में आईपीएल से जुड़ी चर्चाएं करने में व्यस्त हैं जिनमें से एक दक्षिण अफ्रीका के पूर्व महान बल्लेबाज एबी डिविलियर्स भी हैं। अपने पॉडकास्ट 'एबी डिविलियर्स 360' में उन्होंने इस बार भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे और आईपीएल में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के शीर्ष स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बातचीत की है। इस पॉडकास्ट में चहल ने कई दिलचस्प बातें की हैं।
टीम इंडिया से काफी समय से बाहर चल रहे भारत के सबसे सफल टी20 गेंदबाजों में से एक युजवेंद्र चहल अब आईपीएल 2026 की तैयारी में जुटे हैं। वो आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे स्पिनर व सबसे सफल गेंदबाज हैं और पंजाब किंग्स के लिए एक बार फिर हुंकार भरने वाले हैं। हाल में धनश्री वर्मा के साथ शादी टूटने की वजह से चर्चा में रहने वाले चहल अब एक और नए खुलासे को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने कहा है कि उन्होंने शराब पीना छोड़ दिया है।
युजवेंद्र चहल ने एबी डिविलियर्स के पॉडकास्ट में कहा, "मैंने शराब पीना बंद कर दिया है, और इसको 6 महीने से अधिक हो गए हैं। मैं अब 35 साल का हूं, इसलिए मैं अधिक सक्रिय रहना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए 150 प्रतिशत योगदान देना चाहता हूं। एक सीनियर खिलाड़ी के रूप में, मैं चाहता हूं कि आईपीएल में लोग मुझसे कुछ सीखें।"
बेहतर फिटनेस के साथ लौट रहा हूं
चहल ने बताया कि वो कैसे अपनी चोटों की वजह से पिछली बार बेहतर प्रदर्शन करने में असफल रहे। उन्होंने कहा, "मैं खुद से थोड़ा निराश था। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में मेरी पसली में फ्रैक्चर हो गया, और बाद में मेरी अंगूठे की हड्डी टूट गई जिसकी वजह से सेमीफाइनल और फाइनल में मैं अपनी अच्छी लेग-स्पिन गेंदबाजी नहीं कर सका। इस बार मैं पहले अपने शरीर का ध्यान रखना चाहता हूं।"
IPL में युजवेंद्र चहल के आंकड़े
युजवेंद्र चहल आईपीएल इतिहास के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उन्होंने अब तक 2013 से 2025 के बीच 174 आईपीएल मैचों की 172 पारियों में गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 221 विकेट लिए हैं। वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी वो अक्षर पटेल (97 विकेट) के बाद 96 विकेटों के साथ भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल स्पिनर हैं।
