क्रिकेट

आरसीबी और गुजरात जायंट्स के बीच भिड़ंत के साथ होगा WPL के तीसरे सीजन का आगाज

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और गुजरात जायंट्स के बीच भिड़त के साथ विमेंस प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन का आगाज वडोदरा में होने जा रहे है। जानिए तीसरे सीजन और पहले मुकाबले से जुड़ी जरूरी जरूरी बातें।

Image

विमेंस प्रीमियर लीग 2025 की सभी कप्तान

वडोदरा: महिला प्रीमियर लीग का तीसरा सत्र शुक्रवार से वडोदरा में डिफेंडिंग चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और गुजरात जायंट्स के मैच के साथ शुरू होगा जिसमें नजरें भारत के उदीयमान क्रिकेटरों पर लगी होंगी। अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ लीग की असल सफलता घरेलू खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करती है। पहले दो सत्र में श्रेयंका पाटिल और साइका इशाक जैसे खिलाड़ियों ने दबाव में शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय टीम में भी जगह बनाई।

डब्ल्यूपीएल के हर सत्र में उदीयमान भारतीय खिलाड़ियों की सूची बढ़ती जा रही है। एलिसा हीली, सोफी मोलिनू और केट क्रॉस चोट के कारण इस सत्र में नहीं खेलेंगी। हरमनप्रीत कौर ने स्टार स्पोटर्स प्रेस रूम में कहा,'भारतीय कप्तान होने के नाते मैं इस सत्र को लेकर काफी उत्साहित हूं क्योंकि कई घरेलू क्रिकेटरों ने इस टूर्नामेंट के लिये खुद को तैयार किया है। नीलामी से पहले हमने बात की थी कि कई घरेलू क्रिकेटरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और सभी के दिमाग में कुछ नाम थे। हम उम्मीद करते हैं कि वे अच्छा खेलें और भारतीय टीम मजबूत बने।'

खराब फॉर्म से जूझ रही शेफाली वर्मा दिल्ली कैपिटल्स के लिये अच्छा प्रदर्शन करके राष्ट्रीय टीम में वापसी करना चाहेंगी। भारतीय टीम जुलाई में इंग्लैंड का दौरा करेगी और वनडे विश्व कप भी भारत में होना है। तेज गेंदबाज हरफनमौला केशवी गौतम के पास भी खुद को साबित करने का मौका होगा।

टूर्नामेंट में दो नये स्थान वडोदरा और लखनऊ जोड़े गए हैं और यह अपने और विरोधी के मैदान वाले प्रारूप में खेला जायेगा। गत चैम्पियन आरसीबी के लिये खिताब बरकरार रखना आसान नहीं होगा क्योंकि सोफी डिवाइन, मोलिनू और केट क्रॉस जैसे खिलाड़ी इस बार नहीं खेल रहे हैं। स्टार हरफनमौला एलिस पैरी, श्रेयंका पाटिल और आशा शोभना चोट से उबर रहे हैं। इन झटकों से उबरने की उनकी क्षमता ही साबित करेगी कि वे खिताब जीत पायेंगे या नहीं।

आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा,'पिछली बार एकादश का हिस्सा रहे कई खिलाड़ी इस बार चोट के कारण बाहर हैं। सोफी डेवाइन विश्व की सर्वश्रेष्ठ हरफनमौलाओं में से है लिहाजा उसकी कमी खलेगी।'

दो बार की उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स टूर्नामेंट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम रही है और फाइनल हारने का गम दूर करने के इरादे से उतरेगी। उसके पास शेफाली वर्मा, मेग लेनिंग, जेमिमा रोड्रिग्स , एनाबेल सदरलैंड और मारिजान काप जैसे खिलाड़ी हैं जबकि गेंदबाजी में शिखा पांडे, अरूंधति रेड्डी, तितास साधू और जेस जोनासेन जैसे दिग्गज हैं।

पहले सत्र की विजेता मुंबई इंडियंस पिछले साल हीली मैथ्यूज , यास्तिका भाटिया, हरमनप्रीत कौर, नेट स्किवेर ब्रंट और एमेलिया केर पर अधिक निर्भरता के कारण नाकाम रही । गुजरात टाइंटस के पास एशले गार्डनर और यूपी वारियर्स के पास दीप्ति शर्मा के रूप में नये कप्तान हैं ।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article