क्रिकेट

ऑस्ट्रेलिया से हारकर भी गदगद बांग्लादेश क्रिकेट टीम, हासिल की अब तक की बेस्ट टेस्ट रैंकिंग

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर करने के बाद बांग्लादेश की टीम को और एक खुशखबरी मिली है। आईसीसी द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में इस टीम ने अपनी बेस्ट पोजीशन हासिल की है।

Image

बांग्लादेश रैंकिंग (साभार-X)

ऑस्ट्रेलिया के हाथों ढाई दिन में करारी हार झेलने के बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट टीम को ज्यादा निराशा नहीं हुई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज बांग्लादेश ने 1-1 से बराबरी की थी। पहला टेस्ट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी करते हुए मेहमान टीम को पारी और 51 रन से हराया था। इस मुकाबले में बांग्लादेश की पहली पारी 64 और दूसरी पारी 95 रन बनाकर ढेर हो गई थी। मिचेल स्टार्क के कहर बरपाती गेंदों का बांग्लादेश के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। स्टार्क ने इस मुकाबले में 10 विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को बराबरी दिलाई थी। इससे पहले डारविन में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर सनसनी मचा दी थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में ये उसकी पहली जीत थी और अब उसका फायदा उसे आईसीसी ताजा टेस्ट रैंकिंग में हुआ है। टीम ने अब तक की बेस्ट रैंकिंग हासिल कर ली।

टेस्ट रैंकिंग में बांग्लादेश की लंबी छलांग

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2 मैच की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर करने के बाद बांग्लादेश ने रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। इस सीरीज से पहले बांग्लादेश की टीम 9वें पोजीशन पर थी, लेकिन अब उसे 5 प्वाइंट का फायदा हुआ और अब नजमुल हसन शांतो की टीम 78 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ वेस्टइंडीज, श्रीलंका और पाकिस्तान को पछाड़ते हुए छठे नंबर पर पहुंच गई है। आईसीसी रैंकिंग में यह उनकी अब तक की बेस्ट रैंकिंग है। टीम पहली बार 9वें पोजीशन से नीचे आई है।

उपलब्धि पर जताई खुशी

छठा रैंक हासिल करने के बाद बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शांतो ने खुशी तो जताई, लेकिन साथ ही एक डिमांड भी सामने रख दिया। उन्होंने कहा कि 23 साल बाद टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आई थी। उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा मैच खेलना चाहती है। उन्होंने कहा कि नंबर 6 की रैंक हासिल करना टीम के लिए सच में बड़ी उपलब्धि है। लेकिन हम ऐसे कंडीशन में और खेलने की इच्छा रखते हैं। फिलहाल बांग्लादेश की टीम WTC प्वाइंट्स टेबल में चौथे पोजीशन पर है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article