क्रिकेट

IND vs SL: दूसरा दिन भी रहा भारत के नाम, 503 रन बनाने के बाद श्रीलंका के झटके दो विकेट

IND vs SL: भारत ने कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। 503 रन बनाने के बाद भारतीय टीम ने श्रीलंका के दो विकेट भी झटके। भारत को पहली सफलता प्रसिद्ध कृष्णा ने दिलाई।

Image

भारत और श्रीलंका टेस्ट (साभार-X)

IND vs SL: कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली। 503 रन बनाने के बाद टीम इंडिया ने श्रीलंका के दो विकेट झटककर मैच में अपनी पकड़ बना ली। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक श्रीलंका ने केवल 8 रन के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए। कामिल मिशारा 5 रन बनाकर नाबाद हैं। श्रीलंका की टीम अब भी 495 रन पीछे है और उसके 8 विकेट बचे हैं। 503 रन के जवाब में श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने लाहिरू उदारा को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच करवाया। उदारा 6 गेंद में 1 रन बनाकर आउट हुए।

श्रीलंका ने नाइटवॉचमैन के तौर पर प्रभात जयसूर्या को भेजा, लेकिन टीम इंडिया के गेंदबाज ने मेजबान का यह दांव भी चलने नहीं दिया। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या को 2 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। उनके आउट होते ही दूसरे दिन के स्टंप की घोषणा कर दी गई।

इससे पहले भारत ने कोलंबो टेस्ट मैच के दूसरे दिन सोमवार अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी। भारत के लिए ध्रुव जुरेल ने नाबाद 115 रन जबकि ऋषभ पंत ने 63 रन की पारी खेली। इससे पहले मैच के शुरुआती दिन देवदत्त पडिक्कल ने 117 और कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन बनाये थे। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की। श्रीलंका के लिए असिता फार्नांडो ने चार जबकि प्रभात जयसूर्या और केशाला नुवंथा ने 2-2 विकेट झटके। गॉल टेस्ट जीतकर भारत दो मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे है। उसने पहला मुकाबला 165 रन से अपने नाम किया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article