क्रिकेट

Afghanistan Squad: इब्राहिम जादरान के नेतृत्व में भारत के खिलाफ अफगानिस्तान टीम की घोषणा, नवीन उल हक की हुई वापसी

भारत के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी। टीम की कमान इब्राहिम जादरान को सौंपी गई है जबकि तेज गेंदबाज नवीन उल हक की वापसी हुई है।

Image

अफगानिस्तान की टीम (साभार-AFG X)

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत के खिलाफ आगामी 3 मैच की टी20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। 15 सदस्यीय इस टीम की कमान इब्राहिम जादरान को सौंपी गई है जो बतौर टी20 कप्तान उनका पहला असाइनमेंट होगा। 3 मैच की यह टी20 सीरीज नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेली जाएगी। पहली बार टीम इंडिया, अफगानिस्तान की मेजबानी में टी20 सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 13 सितंबर से 17 सितंबर के बीच खेली जाएगी। अफगानिस्तान की इस टीम में एक और अहम बदलाव तेज गेंदबाज नवीन उल हक की वापसी है, जो चोट के कारण लंबे समय से टीम से बाहर थे। इससे पहले दाहिने कंधे में स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वह वेस्टइंडीज के खिलाफ अफगानिस्तान की टी20 सीरीज और टी20 विश्व कप 2026 नहीं खेल पाए थे।

उनकी वापसी से अफगानिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी। तेज गेंदबाजी में उनके अलावा इस टीम में फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजाई और ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजाई मौजूद रहेंगे। अनुभवी ऑलराउंडर गुलबदीन नईब की टीम में वापसी से मध्यक्रम बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी का भी अतिरिक्त विकल्प भी मिलेगा।

इस टीम में पहली बार अनकैप्ड विकेटकीपर नूर रहमान को दूसरे विकेटकीपर के तौर पर मौका दिया गया है। उन्हें घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का ईनाम मिला है। हालांकि, प्रमुख विकेटकीपर के तौर पर टीम में रहमानुल्लाह गुरबाज शामिल हैं।

भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान की टीम:

इब्राहिम जादरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), नूर रहमान (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, गुलबदीन नईब, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नांग्याल खरोती, नूर अहमद, मुजीब उर्र रहमान, फजल हक फारूकी, अब्दुल्ला अहमदजई और नवीन-उल-हक।

एजाज अहमदजाई, शाहिद उल्लाह कमाल और फरीद अहमद मलिक को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है। भारत के खिलाफ 3 मैच की सीरीज का पहला मुकाबला 13 सितंबर, दूसरा मुकाबला 15 सितंबर और तीसरा मुकाबला 17 सितंबर को होना है। ये सभी मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article