शहर

Delhi News: दिल्ली के पहाड़ी भोजला में अचानक भरभराकर गिरा जर्जर इमारत का हिस्सा, 3-4 वाहन क्षतिग्रस्त

Delhi News: पुरानी दिल्ली के पहाड़ी भोजला इलाके में सोमवार को एक जर्जर इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के बाद मलबे की चपेट में आने से तीन से चार स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

Image

पहाड़ी भोजला में टला बड़ा हादसा!

Photo : ANI

Delhi News: पुरानी दिल्ली के पहाड़ी भोजला इलाके में सोमवार को एक जर्जर इमारत का हिस्सा अचानक गिर गया। मलबा गिरने से वहां खड़े करीब तीन से चार स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11:22 बजे चांदनी महल थाने में 1569, पहाड़ी भोजला स्थित एक इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी।

किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया। एहतियात के तौर पर इमारत के आसपास मौजूद लोगों को वहां से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। मलबे के नीचे और उसके आसपास मौजूद वाहनों को भी पुलिस ने सावधानी के साथ हटवाया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई, लेकिन मलबे की चपेट में आने से करीब तीन से चार दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पहले ही जर्जर घोषित थी इमारत

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि संबंधित इमारत काफी समय से खराब हालत में थी। दिल्ली नगर निगम (MCD) की ओर से भवन की स्थिति को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त इमारत में मरम्मत का काम भी चल रहा था। पुलिस और MCD के अधिकारी अब मामले में आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी प्रक्रिया संबंधित नियमों और कानून के तहत आगे बढ़ाई जा रही है।

करोल बाग में भी गिर चुकी है पुरानी इमारत की दीवार

इससे पहले 21 अगस्त को दिल्ली के करोल बाग इलाके में एक पुरानी इमारत की दीवार गिरने से कई लोग घायल हो गए थे। दमकल विभाग के मुताबिक, हादसे के बाद कम से कम दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राजधानी में जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, खासतौर से बरसात के मौसम में।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article