मेलबर्न: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैच की टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले का आगाज गुरुवार को खचा-खच भरे मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम में हो गया। अबतक खेले गए तीन मैच के बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। दोनों टीमों की नजरें बाकी बचे दो मैच में जीत दर्ज करके सीरीज अपने नाम करने पर है। मेलबर्न से 10 हजार किमी दूर पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट्स पार्क में दो टेस्ट की सीरीज के पहले मुकाबले में भिड़त शुरू हो चुकी है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के प्रशंसकों की नजरें दो मैच की इस टेस्ट सीरीज पर टिकी हैं। इस मैच में भारतीय प्रशंसक पाकिस्तानी टीम का समर्थन कर रहे हैं। क्योंकि पाकिस्तान की सीरीज में जीत दोनों टीमों की WTC फाइनल में पहुंचने की संभावनाओं को बरकरार रखेगी।
भारत क्यों कर रहा है पाकिस्तान का समर्थन
भारत, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका तीन टीमें आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की रेस में सबसे आगे चल रही हैं। इन तीनों टीमें का फाइनल में पहुंचना उनके हाथ पर निर्भर है। फिलहाल WTC की अंक तालिका में पहले पायदान पर काबिज दक्षिण अफ्रीकी टीम के लिए फाइनल की राह सबसे आसान है। अगर पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के दो में से एक भी मैच दक्षिण अफ्रीकी टीम जीत लेती है तो वो फाइनल में अपनी जगह पक्की कर लेगी। अगर भारतीय टीम मेलबर्न और सिडनी दोनों टेस्ट मैच अपने नाम करने में सफल होती है तो भी वो दक्षिण अफ्रीका के सीरीज में कम से कम एक मैच जीतने और एक हारने के बाद बाद दूसरे स्थान पर रहेगी।
ऐसे टेबल टॉपर बनेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम के पास दक्षिण अफ्रीका के ऊपर WTC प्वाइंट्स टेबल में रहने का केवल एक तरीका है कि दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तान के खिलाफ दो मैच की सीरीज का एक मैच ड्रॉ रहे और दूसरे में दक्षिण अफ्रीका क हार का सामना करना पड़े। इसके अलावा अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के बाकी बचे टेस्ट अगर जीत लेती है, यो दो में से एक मैच जीत ले और एक ड्रॉ हो जाए इस स्थिति में भी वो टेबल टॉपर बनी रहेगी।
अभी भी जटिल हैं WTC फाइनल के समीकरण
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैच की सीरीज भारतीय टीम का मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के चक्र में आखिरी है। पाकिस्तान के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका की भी आखिरी सीरीज है। वहीं ऑस्ट्रेलिया की श्रीलंका के खिलाफ दो मैच की सीरीज बाकी है। ऐसे में अगर टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को बाकी के बचे दो टेस्ट मैच में मात देने में सफल होती है तो ऑस्ट्रेलिया श्रीलंका के खिलाफ 2-0 के अंतर से जीत दर्ज करने के बावजूद फाइनल में पहुंच जाएगी। अगर भारतीय टीम सीरीज के बाकी बचे दो में से एक मैच जीत लेती है और एक मैच ड्रॉ होता है, तो ऐसे में भारतीय टीम चाहेगी कि श्रीलंका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैच की सीरीज का एक मैच एक ड्रॉ समाप्त हो।
श्रीलंका के लिए भी खुले हैं फाइनल के दरवाजे
अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक मैच जीतती है और एक हारती है तो भारतीय टीम श्रीलंका की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में 2-0 और 1-0 के अंतर से जीत की आशा करेगी। अगर टीम इंडिया बाकी बचे दो में से एक भी टेस्ट जीतने में नाकाम रही तो उसके फाइनल में पहुंचने की कोई संभावना नहीं बचेगी। श्रीलंका भी फाइनल में पहुंच सकती है अगर वो ऑस्ट्रेलिया को 2-0 के अंतर से और पाकिस्तान दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से मात देने में सफल होती है। लेकिन इसके लिए भारत को मेलबर्न और सिडनी टेस्ट में हार का सामना करना होगा।
