क्रिकेट

जानिए कौन हैं भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले कोना श्रीकर भरत?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 9, 2023, 10:25 AM IST

KS Bharat Test Debut: जानिए कौन हैं चोटिल ऋषभ पंत की जगह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर में टेस्ट डेब्यू करने वाले केएस भरत? कैसा रहा है उनका घरेलू क्रिकेट करियर?

Image

श्रीकर भरत चेतेश्वर पुजारा से टेस्ट डेब्यू कैप हासिल करते हुए(साभार BCCI)

नागपुर: ऋषभ पंत के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद भारतीय टीम के सामने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में विकेटकीपर के चुनाव की गंभीर समस्या खड़ी हो गई थी। गुरुवार को नागपुर में शुरू हुए सीरीज के पहले टेस्ट मैच से पहले तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई थी कि प्लेइंग-11 में ऋषभ पंत की जगह किसे मौका मिलेगा। लेकिन अंतत: आंध्र प्रदेश के 29 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज श्रीकर कोना भरत को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल गया।

भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 305वें खिलाड़ी

श्रीकर भरत भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले 305वें खिलाड़ी बने हैं। भरत को टीम इंडिया की नई दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने नागपुर में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच के आगाज से पहले टेस्ट कैप सौंपी। भरत पंत के टीम में रहते हुए भी टेस्ट टीम के साथ लंबे समय से बतौर रिजर्व विकेटकीपर शामिल रहे हैं। ऐसे में लंबे इंतजार के बाद उन्हें टेस्ट डेब्यू का मौका मिल गया।

शानदार रहा है घरेलू करियर

घरेलू क्रिकेट में आंध्र प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले केएस भरत ने साल 2013 में केरल के खिलाफ प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था। 10 साल लंबे घरेलू क्रिकेट करियर में भरत अबतक 86 मैच खेल चुके हैं। जिसकी 135 पारियों में उन्होंने 37.95 की औसत से 4,707 रन बनाए हैं। जिसमें उनके 9 शतक और 27 अर्धशतक शामिल हैं।

घरेलू क्रिकेट में जड़ चुके हैं तिहरा शतक

रणजी में उनके नाम तिहरा शतक भी दर्ज है। 308 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। ये पारी उन्होंने साल 2014-15 के रणजी सीजन में गोवा के खिलाफ खेली थी। 308 रन की पारी के दौरान भरत ने केवल 311 गेंद का सामना किया था। इस मैच में उन्होंने विकेट के पीछे भी धमाल किया था और 8 कैच लपके थे।

क्यों मिली ईशान किशन पर वरीयता?

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर टेस्ट में कोना भरत को ईशान किशन पर वरीयता उनकी विकेटकीपिंग टेक्नीक की वजह से दी गई है। वो एक शानदार विकेटकीपर हैं। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भरत 300 से ज्यादा शिकार विकेट के पीछे कर चुके हैं। उनके नाम विकेट 296 कैच और 35 स्टंपिंग दर्ज है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article