क्रिकेट

कीवियों के खिलाफ कहर बरपाने के बाद शुभमन ने खोला आतिशी बल्लेबाजी का राज

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 2, 2023, 07:30 AM IST

Shubman Gill, Man of the match: टीम की इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने बुधवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए सीरीज के आखिरी टी20 मुकाबले में जड़े आतिशी शतक जड़कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। इस मैच जिताऊ पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

Image

शुभमन गिल अंतरराष्ट्रीय टी20 में पहले शतक का जश्न मनाते हुए(साभार AP)

Shubman Gill T20I century: करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे टीम इंडिया के युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद टी20 में 63 गेंद में 126 रन की आतिशी पारी। उनकी इस शानदार पारी की बदौलत भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 234 रन का विशाल स्कोर सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में खड़ा करने में सफल रही। इसके बाद गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए 12.1 ओवर में कीवी टीम को महज 66 रन पर ढेर कर दिया और 168 रन के विशाल अंतर से टीम को मैच और सीरीज में जीत दिलाने में सफल रहे।

अभ्यास का फायदा मिलने पर होती है खुशी

करियर का छठा अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेल रहे गिल को करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक जड़ने के बाद प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस पारी के दौरान गिल टी20 में शतक जड़ने वाले सबसे युवा और सबसे बड़ी टी20 पारी खेलने वाले भारतीय बन गए। प्लेयर ऑफ द मैच चुने जाने के बाद शुभमन ने कहा, लगातार ऐसा प्रदर्शन करने से खुशी महसूस होती है। जब आप अभ्यास करते हैं और उसका फायदा मिलता है तो अच्छा लगता है। मैंने खुद को वनडे और टी20 में बड़ी पारी खेलने के लिए तैयार किया है। दुर्भाग्यवश श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में और इस सीरीज के शुरुआती दो मैचों में मैं कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाया। लेकिन टीम के लिए बड़ी पारी खेलकर खुश हूं।

हर खिलाड़ी का होता है बड़े शॉट्स खेलने का अंदाज

गिल ने मैच में बड़े बड़े छक्के जड़ने के राज साझा करते हुए कहा, हर खिलाड़ी का अपना बड़े शॉट्स खेलने का अंदाज होता है। मैच से पहले मैंने इस बारे में हार्दिक भाई से बात की थी तो उन्होंने मुझे बताया था कि केवल अपना खेल खेलो, जैसा करते आए हो वैसा ही करो कुछ अतिरिक्त करने की जरूरत नहीं है। वो मुझ पर लगातार भरोसा करते आए उसका परिणाम आज के मुकाबले में मिला।

देश के लिए खेलते हुए नहीं होती है थकान

तीन फॉर्मेट में खेलने के बारे में और बतौर युवा खिलाड़ी आसानी से तालमेल बैठा पाने के बारे में शुभमन गिल ने कहा, जब आप अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तो आपको किसी तरह की थकान नहीं होती है। मैं हमेशा से टीम इंडिया के लिए खेलना चाहता था। मैं सौभाग्यशाली हूं कि मुझे तीनों फॉर्मेट में खेलने का मौका मिल रहा है। ये मेरे लिए आशार्वाद की तरह है ऐसे में थकान की मेरी ओर से कोई बात नहीं है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article