टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने एक बार फिर साबित किया है कि वही टेस्ट में टीम इंडिया के प्रमुख विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। पहले दिन चोटिल होने के बाद दूसरे दिन वापसी करने के बाद पंत ने शानदार बैटिंग की और धोनी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। यहां जानते हैं क्या है पंत का नया रिकॉर्ड।
कोलंबो के मैदान पर टीम इंडिया ने दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट में पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले दिन देवदत्त पडिक्कल (117 रन) के शतक के बदौलत बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर होने के बाद टीम इंडिया ने दूसरे दिन भी शानदार बल्लेबाजी की।
टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम के मिडिल ऑर्डर ने अपना दम दिखाया। पहले कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन बनाए, रवींद्र जडेजा ने 43 रनों की पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत ने लंच तक अर्धशतकीय पारियां खेल दी थीं।
गौरतलब है कि भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत जब पहले दिन बल्लेबाजी करने आए थे तो उनके हाथ में चोट लग गई थी और उन्हें बल्लेबाजी छोड़कर बीच में ही मैदान से बाहर जाना पड़ा था। सबको लगा था कि शायद वो अब दोबारा बैटिंग करने नहीं आएंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। वो लौटे।
ऋषभ पंत दूसरे दिन एक बार फिर फिट होकर पिच पर लौटे और आते ही अपने अनोखे अंदाज में ही बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने 81 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और लंच के तुरंत बाद वो 89 गेंदों में 63 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी पारी में 2 छक्के और 6 चौके लगाए। इस दौरान उन्होंने एक बेहतरीन रिकॉर्ड बना डाला।
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत ने अब भारत के महान पूर्व कप्तान एम एस धोनी से आगे अपना नाम दर्ज करा लिया है। वे विदेशी या न्यूट्रल जमीन पर खेले गए टेस्ट मैचों में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
ऋषभ पंत ने अब 43.82 के शानदार औसत से 3,725 रन बना लिए हैं। जो धोनी के 2,496 रनों से ज्यादा है। इस लिस्ट में टॉप पांच भारतीय विकेटकीपर बैटर्स में फारुख इंजीनियर (1,209 रन), सैयद किरमानी (1,109 रन) और किरण मोरे (901 रन) के नाम भी शामिल हैं।
इसके अलावा, पंत ने श्रीलंका के महान पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार संगकारा का रिकॉर्ड भी तोड़ा है। अब पंत एशियाई बल्लेबाजों में सबसे तेज 1500 टेस्ट रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। पंत ने 32 पारियों में ये कमाल किया है, जबकि संगकारा ने 33 पारियों में 1500 रन पूरे किए थे।