स्पोर्ट्स

टेनिस जगत से भारत के लिए अच्छी खबर, मेक्सिको में बालाजी-चंद्रशेखर की जोड़ी ने जीता कानकुन कंट्री ओपन का खिताब

N Sriram Balaji and Anirud Chandrasekar win Cancun Country Open doubles title: एन श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर की भारतीय टेनिस जोड़ी ने मेक्सिको में कानकुन कंट्री ओपन का खिताब जीतकर नया इतिहास रचा है। दोनों खिलाड़ियों ने मेक्सिको और बेलारूस की जोड़ी को मात दी।

Image

भारत के एन श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर ने जीता कानकुन कंट्री ओपन डबल्स खिताब (X)

Tennis Latest News: टेनिस जगत से भारतीय खेल प्रेमियों के लिए एक अच्छी खबर आई है। भारत के एन श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर ने मेक्सिको के कानकुन कंट्री ओपन (Cancun Country Open) के फाइनल में मेक्सिको और बेलारूस की जोड़ी मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला और इवान लियुतारविच को 6-3, 7-6 (4) से हराकर कानकुन कंट्री ओपन के दूसरे एडिशन का खिताब जीतकर इतिहास रचा है।

कानकुन कंट्री ओपन की वेबसाइट के अनुसार, रेयेस-वरेला और लियुतारविच की हार में मामूली अंतर निर्णायक साबित हुआ। पूरे मैच में उन्होंने सिर्फ एक बार अपनी सर्विस गंवाई, लेकिन वे अपने एकमात्र ब्रेक-पॉइंट मौके को भुना नहीं पाए। कानकुन कंट्री ओपन का यह खिताब चंद्रशेखर का सर्किट पर 11वां और इस साल का दूसरा खिताब साबित हुआ है। इस सीजन में इससे पहले, उन्होंने जापानी पार्टनर ताकेरु युज़ुकी के साथ मिलकर बुसान एटीपी चैलेंजर 125 का खिताब भी जीतने में सफलता हासिल की थी।

कानकुन कंट्री ओपन का टाइटल एन श्रीराम बालाजी का इस साल का पांचवां चैलेंजर खिताब है। इससे पहले की चार जीत उन्होंने नील ओबरलीटनर के साथ हासिल की थीं। यह जीत चैलेंजर सर्किट पर उनके करियर का 15वां खिताब भी साबित हुआ है।

भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन रेयेस-वरेला और लियुतारविच ने शुरुआती सेट के ज्यादातर हिस्से में उन्हें कड़ी टक्कर दी। निर्णायक पल आठवें गेम में आया, जब बालाजी और चंद्रशेखर ने एकमात्र ब्रेक ऑफ सर्व हासिल करके बढ़त बनाई और आखिरकार सेट 6-3 से अपने नाम कर लिया। उन्होंने अपनी पहली सर्विस पर 68 प्रतिशत और दूसरी सर्विस पर शानदार 81 प्रतिशत अंक जीते। मेक्सिको में आयोजित हुए कानकुन ओपन कंट्री टूर्नामेंट के विजेताओं एन श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर की जोड़ी को 125 रैंकिंग पॉइंट और $9,900 का इनाम मिला। जबकि मेक्सिको और बेलारूस के मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला और इवान लियुतारविच की रनर-अप जोड़ी को 75 पॉइंट और $5,760 मिले।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article