वायरल न्यूज़

Viral Video: दिन-रात पतंग उड़ाकर शख्स ने बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, चैरिटी के लिए जुटाए हजारों डॉलर

एक शख्स ने इतनी देर तक पतंग उड़ाया कि उसके नाम दुनिया में सबसे ज्यादा देर तक पतंग उड़ाने का रिकॉर्ड बन गया और उसका नाम गिनीज के पन्नों में दर्ज हो गया।

Image

एंगस नाम के शख्स ने सबसे ज्यादा देर तक पतंग उड़ाने का रिकॉर्ड बना दिया। (Instagram/@star_weekly)

कई बार इस दुनिया में कुछ लोग ऐसे-ऐसे कारनामे कर देते हैं, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में होती है। ऐसे लोगों का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल किया जाता है। ऐसे ही ऑस्ट्रेलिया के एक शख्स ने कुछ ऐसा कारनाम कर दिखाया, जिसे सुनने के बाद यकीन करना शायद आपके लिए भी मुश्किल होगा। दरअसल, इस शख्स ने लगातार करीब 26 घंटे तक पतंग उड़ाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया। फिलहाल शख्स के इस कारनामे का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। जिसे हमने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले @star_weekly नामक अकाउंट से लिया है। इस पोस्ट के कैप्शन में इस अनोखे कारामात के बारे में कुछ जानकारी भी दी गई है।

नींद गायब, थकान हावी फिर भी नहीं रुका शख्स

वायरल वीडियो (Viral Video) के कैप्शन के मुताबिक, इस शख्स का नाम एंगस है। जिन्होंने यह कारनामा सिर्फ रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं, बल्कि इससे मिलने वाली रकम को चैरिटी के लिए दान कर दिया। रिकॉर्ड बनाने के बाद एंगस ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह इस कारनामे को करने के बाद बहुत ही अच्छा महसूस कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि वह इस दौरान थकावट की उस हद तक पहुंचे, जहां एक पल के लिए भी खड़े रहना मुश्किल था। इसके बावजूद लोगों का उत्साह और समर्थन उन्हें लगातार आगे बढ़ने को प्रोत्साहित करता रहा। उनका उत्साह बढ़ाने के लिए आए लोगों का भी उन्होंने धन्यवाद किया और कहा कि वह इस पैसे को म्यांमार भेजने को लेकर बेहद आभारी हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

शौक बना जुनून, 26 घंटे पतंग उड़ाकर जीता रिकॉर्ड

एंगस के लिए पतंग उड़ाना कोई नया शौक नहीं है। उन्होंने COVID महामारी के दौरान पतंग उड़ाना शुरू किया था। उस समय तेज हवा चलती थी और बाहर जाने के ज्यादा मौके नहीं थे। इसी दौरान उनका यह शौक धीरे-धीरे जुनून में बदल गया। विमानों में उनकी दिलचस्पी पहले से थी। बाद में वह पतंग उड़ाने वाले कई ऑनलाइन समूहों से जुड़े और पतंगों को इकट्ठा करने लगे। इसी शौक ने उन्हें रिकॉर्ड बनाने के करीब लाकर खड़ा कर दिया।

पतंग उड़ाते-उड़ाते बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

हालांकि दूर से देखने पर पतंग उड़ाना काफी आसान लगता है, लेकिन लगातार कई घंटे तक ऐसा करना बिल्कुल आसान नहीं है। इसके लिए सही हवा, पतंग की ऊंचाई और लगातार अपनी पतंग पर नजर रखनी पड़ती है। साथ ही व्यक्ति को लंबे समय तक जागते भी रहना होता है। खासतौर पर इस वक्त लोगों को अलर्ट रहने की भी काफी जरूरत होती है। एंगस के इस रिकॉर्ड को बनाने में उनके दोस्तों और समर्थकों ने भी बड़ी भूमिका निभाई। उनके साथ 10 ऑफिशियल इनविजिलेटर और दो टाइमकीपर मौजूद थे। सभी लोग अलग-अलग शिफ्ट में काम कर रहे थे। वे समय, पतंग और एंगस की स्थिति पर नजर रखते थे और यह भी सुनिश्चित करते थे कि वह पानी पीते रहें और उनका हौसला बना रहे।

पतंग उड़ाकर जुटाए हजारों डॉलर

14 मार्च की सुबह 7:37 बजे एंगस ने अपनी पतंग उड़ानी शुरू की। इसके बाद करीब 26 घंटे तक वह लगातार पतंग को आसमान में बनाए रखने की कोशिश करते रहे। दिन ढला, रात आई और फिर सुबह हुई, लेकिन उनका प्रयास जारी रहा। आखिरकार जब रिकॉर्ड का समय पूरा हुआ तो वहां मौजूद लोगों ने खुशी मनाई। एंगस ने पतंग को नीचे उतारा और सभी ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस कोशिश से एंगस ने न सिर्फ रिकॉर्ड बनाया, बल्कि चैरिटी के लिए दसियों हजार डॉलर भी जुटाए। उनका यह अनोखा प्रयास दिखाता है कि किसी साधारण से शौक को भी अगर जुनून, मेहनत और अच्छे मकसद के साथ जोड़ा जाए, तो वह कुछ खास कर सकता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article