Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों (NCR) में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली है। आसमान में छाए काले बादलों के बीच कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है। हालांकि, अचानक शुरू हुई मूसलाधार बारिश और खराब विजिबिलिटी के कारण हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। दिल्ली एयरपोर्ट के सूत्रों ने टाइम्स नाउ को बताया कि खराब मौसम के कारण कुल 14 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा है, जिनमें 2 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। इनमें से 11 उड़ानों को जयपुर, 2 को चंडीगढ़ और 1 उड़ान को लखनऊ भेजा गया है। बदलते मौसम को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लगभग सभी हिस्सों के लिए तात्कालिक अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की पैसेंजर एडवाइजरी
खराब मौसम के चलते उड़ानों के प्रभावित होने के बाद दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली एयरपोर्ट की आधिकारिक एडवाइजरी में लिखा है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ान संचालन वर्तमान में सामान्य रूप से जारी है। हमारी ऑन-ग्राउंड टीमें यात्रियों की यात्रा को सुगम और बाधारहित बनाए रखने के लिए सभी एयरलाइंस और हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रही हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ानों की अद्यतन स्थिति के लिए अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क बनाए रखें।
IMD का अलर्ट: दिल्ली के इन 11 जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-NCR के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। IMD ने दिल्ली के सभी प्रमुख क्षेत्रों के लिए तात्कालिक अलर्ट जारी किया है, जिनमें सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली शामिल हैं। इसके अलावा NCR के फरीदाबाद, गाजियाबाद, गुरुग्राम और नोएडा के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है।मध्य व नई दिल्ली:
जनजीवन पर असर और यात्रियों के लिए सलाह
अचानक शुरू हुई बारिश के कारण दिल्ली की कई मुख्य सड़कों पर जलजमाव और गाड़ियों की रफ्तार धीमी होने की खबरें सामने आ रही हैं। मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि वे जलभराव वाले रास्तों पर जाने से बचें और हवाई यात्रा करने वाले यात्री समय से पहले एयरपोर्ट के लिए निकलें तथा अपनी फ्लाइट का स्टेटस जांच लें।
