टेक एंड गैजेट्स

अगले महीने से महंगे हो सकते हैं iPhone, सैमसंग और Google के बाद Apple की बड़ी तैयारी

सिर्फ iPhone 18 Pro सीरीज ही नहीं, बल्कि Apple अपने अन्य iPhone मॉडल्स की कीमतों में भी बदलाव कर सकता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि iPhone 17, iPhone Air और iPhone 17e की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना है।

Image

भारत में भी महंगा हो सकता है iPhone 18 Pro

Apple अगले महीने अपनी नई iPhone 18 सीरीज लॉन्च करने की तैयारी में है। इस बार कंपनी iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ अपना पहला बुक-स्टाइल फोल्डेबल iPhone भी पेश कर सकती है। इसके अलावा नए Apple Watch और AirPods मॉडल भी लॉन्च किए जाने की उम्मीद है, हालांकि लॉन्च से पहले Apple के ग्राहकों के लिए कीमतों को लेकर अच्छी खबर नहीं है। एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी iPhone 18 Pro सीरीज की कीमतों में बढ़ोतरी कर सकती है।

सितंबर में बढ़ सकती है iPhone की कीमत

ब्लूमबर्ग के मार्क गुरमन ने अपने साप्ताहिक न्यूजलेटर ‘Power On’ में बताया है कि Apple अगले महीने iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमत बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों प्रीमियम मॉडल अपने मौजूदा iPhone 17 Pro और iPhone 17 Pro Max की तुलना में महंगे हो सकते हैं।

Apple की यह संभावित कीमत बढ़ोतरी ऐसे समय में सामने आई है, जब स्मार्टफोन कंपनियों को मेमोरी और स्टोरेज कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, Apple इस बात पर भी नजर रख रहा है कि Samsung और Google ने अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स की कीमतों में कितनी बढ़ोतरी की है और बढ़ती लागत से कैसे निपटा है।

Samsung और Google ने बढ़ाए दाम

रिपोर्ट में कहा गया है कि Samsung और Google अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन्स की कीमतों में करीब 100 डॉलर यानी लगभग 10,000 रुपये तक की बढ़ोतरी कर चुके हैं। ऐसे में Apple भी अपने नए फ्लैगशिप मॉडल की कीमत में लगभग इतनी ही बढ़ोतरी कर सकता है। अगर ऐसा होता है, तो iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत अमेरिका में 1,199 डॉलर यानी करीब 1.15 लाख रुपये हो सकती है।

यह कीमत iPhone 17 Pro की तुलना में करीब 9 प्रतिशत ज्यादा होगी। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक DRAM और NAND स्टोरेज की कीमतों में आई तेजी को देखते हुए यह बढ़ोतरी अभी भी अपेक्षाकृत सीमित मानी जा रही है। साथ ही, 100 डॉलर की कीमत बढ़ने के बाद भी iPhone 18 Pro की कीमत Samsung के Ultra और Google के Pro मॉडल्स के मुकाबले प्रतिस्पर्धी रह सकती है।

भारत में भी महंगा हो सकता है iPhone 18 Pro

iPhone 18 Pro की कीमत में बढ़ोतरी का असर भारत में भी देखने को मिल सकता है। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि iPhone 18 Pro भारत में अपने पिछले मॉडल की तुलना में करीब 10,000 रुपये महंगा लॉन्च हो सकता है। हालांकि, Apple ने अभी तक भारत या अन्य बाजारों में कीमत बढ़ाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

iPhone 17 और iPhone Air की कीमत भी बढ़ने की आशंका

सिर्फ iPhone 18 Pro सीरीज ही नहीं, बल्कि Apple अपने अन्य iPhone मॉडल्स की कीमतों में भी बदलाव कर सकता है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि iPhone 17, iPhone Air और iPhone 17e की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना है। इससे पहले कंपनी ने MacBook, iPad और कुछ अन्य डिवाइस की कीमतों में बढ़ोतरी की थी, जबकि iPhone 17 सीरीज को उस समय कीमत बढ़ोतरी से बाहर रखा गया था। अब देखना होगा कि iPhone 18 सीरीज के लॉन्च के साथ Apple भारत में नई कीमतों का ऐलान करता है या नहीं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article