अरावेली अवनीष पीली जर्सी वाली टीम के खिलाफ रविवार को अंडर 19 विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेंगे लेकिन उनका अगला लक्ष्य पीली जर्सी पहनकर महेंद्र सिंह धोनी को उन पर फख्र करने का मौका देने का होगा।अंडर 19 विश्व कप में कई मौकों पर धोनी की झलक देने वाले अरावेली ने भाषा को दिए विशेष इंटरव्यू में कहा कि 'मुझे यकीन ही नहीं हुआ था कि सीएसके ने मुझे चुना है । मुझे विश्वास करने में समय लगा । मैं उस समय घर पर ही था और हमारा फोन लगातार बज रहा था ।'
मैं धोनी सर का सीना गर्व से चौड़ा करना चाहता हूं- अरावेली
विकेटकीपर बल्लेबाज ने कहा कि 'अब मैं धोनी सर और सीएसके को गौरवान्वित करना चाहता हूं । अभी आईपीएल के बारे में नहीं सोच रहा हूं । फाइनल के बाद सोचूंगा लेकिन सीएसके के लिये और धोनी सर की कप्तानी में खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है । मेरे लिये यह सपना सच होने जैसा है।मैं बचपन से ही क्रिकेटर बनना चाहता था । पापा साफ्टवेयर इंजीनियर हैं लेकिन क्रिकेट के शौकीन हैं और उनके साथ बैठकर मैच देखते देखते मेरी रूचि जाग गई।'
धोनी से बहुत कुछ सीखना चाहते हैं अरावेली
अरावेली अब जल्दी से सीएसके का हिस्सा बनकर धोनी से बहुत कुछ सीखना चाहते हैं ।उन्होंने कहा 'मैं दबाव के हालात में दृढ रहना उनसे सीखना चाहता हूं । जब टीम अच्छा नहीं खेल रही हो , ऐसे में वह कैसे टीम को संकट से निकालते हैं और मैच जिताते हैं । विश्व कप 2011 की उनकी वह पारी । उनसे सीखने के लिये बहुत कुछ है ।'
नवंबर में चार देशों की श्रृंखला में 376 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पांच विकेट 95 रन पर गिरने के बाद 93 गेंद में 163 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने वाले अरावेली ने विजय हजारे ट्रॉफी के जरिये लिस्ट ए क्रिकेट में हैदराबाद के लिये पदार्पण किया था। अरावेली के आदर्श आस्ट्रेलियाई दिग्गज एडम गिलक्रिस्ट हैं जिनके वीडियो वह अक्सर देखते रहते हैं ।उन्होंने कहा 'मेरे आल टाइम फेवरिट गिलक्रिस्ट हैं । मैने उनके वीडियो देखकर बहुत कुछ सीखा है । खेल की उनकी समझ और हर हालात में आत्मविश्वास बनाये रखना काबिले तारीफ है । मैं भी उनकी तरह खब्बू बल्लेबाज हूं । उनसे मिलने की तमन्ना है ।'
