भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा अपने बेबाक बयानों के लिए मशहूर हैं। मीडिया के सवालों के जवाब में रोहित शर्मा कई बार सीधे स्पष्ट जवाब दे चुके हैं, फिर चाहे वो कोई भी मुद्दा हो। न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीतकर नंबर.1 वनडे रैंकिंग हासिल करने के बाद जब रोहित शर्मा मीडिया से मुखातिब हुए तो उनसे एक सवाल रजत पाटीदार को लेकर भी हुआ। रजत को अंतिम समय पर चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह वनडे टीम में शामिल किया गया था लेकिन उनको मौका नहीं मिला।
भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से ठीक पहले धुरंधर भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए थे। उनकी जगह रजत पाटीदार को टीम में शामिल किया गया था। लेकिन सीरीज में ना रजत पाटीदार को मौका मिला और ना केएस भरत को। जब रोहित शर्मा से रजत पाटीदार को इंदौर में क्यों मौका नहीं मिला, वो उनका घरेलू मैदान भी था, ऐसे सवाल पर रोहित शर्मा ने बेबाक अंदाज में जवाब दिया।
रोहित शर्मा ने कहा, "हम उसे खिलाएंगे जब जगह होगी सर। तीन नंबर पर विराट कोहली है, चार नंबर पर ईशान किशन है, जो दोहरे शतक के बावजूद बाहर बैठ चुका है। सूर्यकुमार यादव नंबर 5 पर है और पूरी दुनिया जानती है कि वो क्या कर रहा है। वहीं, छठे नंबर पर हार्दिक पांड्या है। इसलिए जगह होनी चाहिए।"
रोहित ने आगे कहा, "हम चाहते हैं कि सभी खेलें लेकिन ये मुमकिन नहीं है जब तक जगह नहीं है। मुझे पता है कि हमें उसको (रजत) इंदौर में खिलाना चाहिए था। रांची, झारखंड में ईशान किशन भी बोलेगा मुझे भी खिलाओ यार मैं रांची का हूं। ऐसे नहीं होता है। हमारा एक प्लान है, खिलाड़ियों को मौका मिलेगा, कई लोग अपने मौके का इंतजार कर रहे हैं।"
गौरतलब है कि रजत पाटीदार इससे पहले पिछले साल दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ भी वनडे टीम में शामिल किए गए थे। लेकिन उनको मौका नहीं मिला था। बांग्लादेश दौरे के बाद रजत पाटीदार को टीम से हटा दिया गया था। अब वो न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज का हिस्सा हैं जहां उनको मौका मिलने के आसार नजर आ रहे हैं।
