क्रिकेट

सीट एक उम्मीदवार तीन, जानिए कौन और कैसे बन सकता है प्लेऑफ का चौथा दावेदार

आईपीएल प्लेऑफ 2026 के लिए तीन टीमों का नाम तय हो गया है। बाकी बची एक सीट के लिए तीन उम्मीद वार हैं। इनमें पंजाब, राजस्थान और कोलकाता की टीम शामिल है। तीनों ही टीमों के पास प्लेऑफ में जाने के मौका है लेकिन, एक टीम की प्रबल संभावना है। आइए चौथी टीम के प्लेऑफ में पहुंचने के समीकरण को जानते हैं।

Image

पंजाब, केकेआर और राजस्थान के बीच प्लेऑफ में पहुंचने की आखिरी उम्मीद।

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए तीन टीमों के नाम तय हो चुके हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद ने प्लेऑफ में जगह बना ली है। बाकी बचे एक स्थान के लिए तीन टीमों के बीच में लड़ाई है। एक जगह के लिए पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइ़डर्स अपनी-अपनी किस्मत आजमाएंगी। ऐसे में तीनों टीमों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा है, लेकिन बाजी एक ही टीम मारेगी।

क्या है समीकरण

शनिवार, 23 मई और 24 मई रविवार को इन तीनों टीमों के मैच हैं। तीनों टीमें इस समय रेस में हैं। राजस्थान की टीम चौथे नंबर पर है और उसके 13 मैचों में 7 जीत और 6 हार के बाद 14 अंक हैं। वहीं, कोलकाता और पंजाब की एक जैसी स्थिति है। दोनों ही टीमों के 13 मैचों में 6 जीत और इतनी ही हार के बाद 13-13 अंक हैं। तीनों ही टीमों को एक-एक मैच खेलना है। ऐसे में देखा जाए तो राजस्थान के आगे जाने की संभावना सबसे ज्यादा लग रही है।

राजस्थान का ज्यादा चांस

राजस्थान को रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच खेलना है। अगर राजस्थान ये मैच जीत जाती है तो उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह बिना किसी परेशानी के प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। पंजाब और कोलकाता अपने-अपने मैच जीतती भी हैं तो दोनों के 15-15 अंक ही होंगे और राजस्थान की हार पर इन दोनों की आगे जाने की संभावना टिकी होगी।

अगर राजस्थान की टीम हार जाती है और पंजाब-कोलकाता दोनों ही अपने मैच जीत लेती हैं तो फिर जिस टीम का नेट रन रेट बेहतर होगा वो टीम आगे जाएगी। फिलहाल नेट रन रेट के मामले में पंजाब किंग्स (+0.227), कोलकाता (+0.011) से आगे है। इन तीनों में से जो भी टीम आगे जाएगी वो चौथे नंबर पर ही रहेगी।

टॉप-2 टीमें तय

प्वाइंट्स टेबल की टॉप-2 टीमें तय हो गई हैं। आरसीबी ने पहले और गुजरात ने दूसरे स्थान पर रहते हुए लीग चरण का अंत किया है। ऐसे में ये दोनों टीमे पहला क्वालिफायर खेलेंगी। इस मैच को जीतने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी। वहीं, तीसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम है। हैदराबाद और चौथे नंबर की टीम एलिमिनेटर मैच खेलेंगी। इस मैच को जीतने वाली टीम दूसरे क्वालिफायर में पहुंचेगी जहां उसका सामना पहले क्वालिफायर में हारने वाली टीम से होगा। इस मैच की विजेता फाइनल में पहले क्वालिफायर की विजेता से भिड़ेगी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article