क्रिकेट

IPL से संन्यास का ऐलान करने वाले रविचंद्रन अश्विन को मोंटी पनेसर ने दिया नया नाम

रविचंद्रन अश्विन को इंग्लैंड के भारतीय मूल के पूर्व इंग्लिश स्पिनर मोंटी पनेसर ने आईपीएल से संन्यास के ऐलान के बाद नया नाम दिया है।

Image

रविचंद्रन अश्विन (फोटो क्रेडिट IPL/BCCI)

नई दिल्ली: भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बाद इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से भी संन्यास ले लिया है। अश्विन के आईपीएल से संन्यास पर इंग्लैंड के स्पिनर मोंटी पानेसर ने हैरानी जताई है। पनेसर ने अश्विन को स्पिन गेंदबाजी का वैज्ञानिक बताया। आईएएनएस से बात करते हुए पनेसर ने कहा,'अश्विन ने आईपीएल में टी20 गेंदबाज के रूप में अपनी पहचान बनाई। पावरप्ले में बेहतरीन प्रदर्शन किया और धीरे-धीरे सभी प्रारूपों में एक शानदार ऑलराउंडर के रूप में विकसित हुए।' उन्होंने कहा कि अश्विन ने गेंदबाजी में अपनी तकनीक का इस्तेमाल किया। नए तरीके विकसित किए और बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। उनकी प्रतिष्ठा स्पिन गेंदबाजी के वैज्ञानिक के रूप में है।

विदेशी लीग्स में तलाशेंगे नए अवसर

आर अश्विन ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आईपीएल से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने लिखा, "खास दिन और इसलिए एक खास शुरुआत। कहते हैं हर अंत की एक नई शुरुआत होती है। एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में मेरा समय आज समाप्त हो रहा है। लेकिन, विभिन्न लीग्स में खेलने की संभावनाएं आज से शुरू हो रही हैं। इतने सालों की शानदार यादों और रिश्तों के लिए सभी फ्रेंचाइजी का शुक्रिया अदा करना चाहूंगा। आईपीएल और बीसीसीआई का विशेष तौर पर शुक्रिया। आगे जो भी है उसका आनंद लेने और उसका पूरा लाभ उठाने के लिए उत्सुक हूं।'

आईपीएल इतिहास के पांचवें सबसे सफल गेंदबाज

अश्विन ने 2008 में आईपीएल खेलना शुरू किया था। वह चेन्नई सुपर किंग्स, राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स, पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे। पंजाब किंग्स के वह कप्तान भी रहे। 220 आईपीएल मैचों की 98 पारियों में 833 रन बनाने वाले अश्विन ने 187 विकेट लिए हैं। आईपीएल इतिहास के वह पांचवें सफलतम गेंदबाज हैं।

ऐसा रहा अश्विन का अंतरराष्ट्रीय करियर

दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले अश्विन ने 2010 से 2024 के बीच 106 टेस्ट में 537 विकेट, 116 वनडे में 156 विकेट और 65 टी20 में 72 विकेट उनके नाम दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट में अश्विन एक बल्लेबाज के रूप में भी सफल रहे हैं। 6 शतक और 14 अर्धशतक की मदद से उन्होंने 3,503 रन बनाए।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article