क्रिकेट

पहले मिली हार अब आईसीसी ने लगाई फटकार, आचार संहिता उल्लंघन के दोषी पाए गए पॉवेल और रदरफोर्ड

इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे मुकाबले के दौरान मेहमान टीम के खिलाड़ियों को अंपायर के फैसले पर असहमति जताना भारी पड़ा।

Image

भारत बनाम वेस्टइंडीज (साभार-X)

वेस्टइंडीज के क्रिकेटर रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड को शुक्रवार को भारत के खिलाफ रांची में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के दौरान आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई गई है। दोनों खिलाड़ियों के खाते में एक-एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है जो पिछले 24 महीनों में दोनों का पहला उल्लंघन है। पॉवेल को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह प्रावधान क्रिकेट उपकरणों के दुरुपयोग से संबंधित है। वेस्टइंडीज की पारी के छठे ओवर में मयंक यादव की गेंद पर आउट होने के बाद पॉवेल ने अपने बल्ले से गेंद को जोर से दूर मार दिया था।

रदरफोर्ड पर आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के उल्लंघन का आरोप लगा, जो अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है। वेस्टइंडीज की पारी के 13वें ओवर में एक गेंद को वाइड मानने वाले रदरफोर्ड ने गेंद को वैध करार दिए जाने के बाद अंपायर पर आक्रामक अंदाज में चिल्लाकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी के अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के सदस्य मैच रेफरी प्रकाश भट्ट की ओर से प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। इसके चलते मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ मैदान पर मौजूद अंपायर जयरमन मदनगोपाल और रोहन पंडित के अलावा तीसरे अंपायर नितिन मेनन तथा चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाए थे। आईसीसी आचार संहिता के स्तर एक के उल्लंघन पर न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार है। इसके अलावा खिलाड़ी पर उसकी मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया जा सकता है और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं।

5 मैच की सीरीज में 2-1 से आगे मेजबान भारत

5 मैच की टी20 सीरीज में फिलहाल टीम इंडिया 2-1 से आगे है। पहला मुकाबला गंवाने के बाद वेस्टइंडीज की टीम ने दूसरे मुकाबले में 250 रन का लक्ष्य हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी, लेकिन इंदौर में एकबार फिर टीम इंडिया वापसी करने में सफल रही और 14 रन से जीत दर्ज कर सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article