क्रिकेट

Tushar Deshpande Hat Trick: चंडीगढ़ के खिलाफ रणजी मैच में तुषार देशपांडे की हैट्रिक

Tushar Deshpande Hat Trick: चंडीगढ़ की टीम मुंबई के सामने लाचार नजर आ रही है। तुषार देशपांडे की हैट्रिक के दम पर मुंबई ने चंडीगढ़ के 6 विकेट गिरा दिए हैं और स्कोर केवल 32 रन हुआ है। तुषार देशपांडे ने पारी के 11वें ओवर में हैट्रिक अपने नाम किया।

Image

तुषार देशपांडे (साभार-BCCI Domestic)

Tushar Deshpande Hat Trick: मुंबई के गेंदबाज तुषार देशपांडे ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी के एक मुकाबले में चंडीगढ़ के खिलाफ हैट्रिक लेकर सनसनी मचा दी है। तुषार की यह हैट्रिक पारी के 11वें ओवर में आई। उन्होंने 11वें ओवर की तीसरी, चौथी और 5वीं गेंद पर विकेट लेकर चंडीगढ़ की हालत खस्ता कर दी। तुषार का पहला शिकार अर्जुन आजाद बने जो 33 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए। उनका कैच सिलवेस्टर डिसूजा ने पकड़ा। तुषार का दूसरा शिकार शिवम भंबरी बने जिन्हें उन्होंने क्लीन बोल्ड किया। तुषार ने दीपेंद्र कुश को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। तुषार की हैट्रिक के बाद चंडीगढ़ का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 24 रन हो गया।

तुषार ने अगले ही ओवर में पूरा किया फाइफर

तुषार यहीं नहीं रुके अगले ओवर में उन्होंने राज बावा को आउट कर अपना फाइफर लिया। उन्होंने 6.3 ओवर में केवल 15 रन देकर अपना फाइफर पूरा किया। तुषार देशपांडे मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी में हैट्रिक लेने वाले छठे गेंदबाज बने हैं। आखिरी बार शार्दूल ठाकुर ने जनवरी 2025 में मेघालय के खिलाफ करो या मरो मैच में हैट्रिक ली थी। इससे पहले इस मुकाबले में चंडीगढ़ के कप्तान मनन वोहरा ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई के बल्लेबाजों ने उनके इस फैसले को पूरी तरह से गलत ठहराते हुए विशाल स्कोर खड़ा किया।

मुंबई ने पहली पारी में बनाए 429 रन

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने पहली पारी में 429 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। मुंबई की ओर से 4 खिलाड़ियों ने अर्धशतकीय पारी खेली। सर्वाधिक 86 रन की पारी सिदेश लाड ने खेली। सिदेश के अलावा मुशीर खान ने 65, तनुष कोटियान ने 58 और मोहित अवस्थी ने 56 रन की पारी खेली। इनके अलावा तुषार देशपांडे ने बल्ले से भी कमाल का प्रदर्शन करते हुए 47 गेंद में 44 रन की पारी खेली थी।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article